हरियाणा
भिवानी: रणदीप सुरजेवाला का बीजेपी पर हमला, अमेरिका ट्रेड डील को बताया किसानों के लिए घातक

भिवानी। राज्यसभा सदस्य, कर्नाटक प्रभारी एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने अमेरिका से हुई ट्रेड डील को किसानों के लिए घातक बताया। साथ ही केंद्रीय बजट को धनाढ्य लोगों के लिए बताया और कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को कर्ज में डुबोकर कंगाल कर दिया है।
रणदीप सुरजेवाला भिवानी में अपने समर्थक एवं नगर परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन व पार्षद सतेंद्र मोर के पिता मंजीत सिंह मोर के निधन पर शोक प्रकट करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त मोर परिवार को सांत्वना दी। वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए केन्द्रीय बजट व हरियाणा के आने वाले बजट सहित अमेरिका से हुई ट्रेड डील को लेकर भाजपा को निशाने पर लिया। रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा के आने वाले बजट से किसी को कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। क्योंकि भाजपा ने हरियाणा को कर्ज में डूबो कर नासूर बना दिया है। अब सरकार के पास ना कर्मचारियों की पेंशन, ना वेतन और ना विकास का पैसा बचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को कंगाल कर दिया है। वहीं सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि केंद्र के बजट में किसी भी क्षेत्र या वर्ग को कुछ नहीं मिला। केंद्र का बजट महज मुट्ठी भर धनाढ्य लोगों के लिए बनाया गया था।




