हरियाणा
भिवानी: करोड़ों की नई सड़क 3 महीने में धंसी, सीवर मैनहोल ने बढ़ाई मुसीबत

भिवानी। शहर की बुनियादी सुविधाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्टेशन लाइन पार जीआरपी पुलिस चौकी के पीछे त्रिवेणी मंदिर के पास स्थित मुख्य सड़क के बीचोंबीच गहरा गड्ढा बन गया है। यहां पर पुराना सीवर मैनहोल दूसरी बार धंस गया है। एमसी कॉलोनी मोड़ के समीप धंसी सड़क के अंदर करीब छह फीट गहरा गड्ढा बन गया है। मुख्य रास्ते पर गड्ढा बनने से हादसे का अंदेशा बना है। करीब तीन माह पहले ही नगर परिषद ने यहां करोड़ों का बजट खर्च कर नई सड़क बनवाई थी। इससे पहले नई सड़क निर्माण के चंद दिन पहले ही ये सीवर मैनहोल धंस गया था।
दरअसल नगर परिषद की ओर से रेलवे स्टेशन लाइनपार चौक से डीडीपीओ कार्यालय से लेकर एमसी मोड़ तक नई सड़क का निर्माण कराया गया था। यहां पर पहले आरसीसी पैटर्न पर सड़क बनी थी, जिस पर नई तकनीक से मिस्टीक लेयर डाली गई थी। ये सड़क तीन साल की वारंटी पर कंपनी द्वारा डाली गई थी। लेकिन सीवर मैनहोल धंसने की वजह से सड़क का काफी हिस्सा गहरे गड्ढे में बदल गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं, लेकिन सीवर मैनहोल धंसने की वजह से सड़क नहीं टिक पाई और गहरे गड्ढे में बदल गई। एमसी कॉलोनी की ये सड़क तीन वार्डों की हद में आती हैं। इस मुख्य रास्ता से वार्ड 19, वार्ड 20 और वार्ड 21 के लोगों का आवागमन रहता है।




