हरियाणा
भिवानी फायरिंग केस: 20 मिनट में आरोपियों को पकड़ने वाले 10 पुलिसकर्मी सम्मानित, IG ने की सराहना

भिवानी। पुलिस महानिरीक्षक ने हाल ही में न्यायालय परिसर के बाहर कैंटीन के पास हुई फायरिंग की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 20 मिनट में आठ आरोपियों को काबू करने वाले 10 पुलिस कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सिमरदीप सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन भिवानी पहुंचकर कंपनी ड्रिल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस लाइन पहुंचने पर पुलिस टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार ने पुलिस महानिरीक्षक का स्वागत किया। इसके उपरांत पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस लाइन भिवानी के परेड ग्राउंड में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गठित कंपनी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कंपनी द्वारा की गई ड्रिल का अवलोकन किया गया तथा कानून व्यवस्था और लॉ एंड ऑर्डर से संबंधित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




