हरियाणा

भिवानी-बांद्रा सुपरफास्ट ट्रेन आज से शुरू: जानें टाइम टेबल, रूट और स्टॉपेज की पूरी डिटेल

भिवानी। जिले के यात्रियों को अब महाराष्ट्र के बांद्रा जाने के लिए सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने बांद्रा टर्मिनस–भिवानी–बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन बुधवार से शुरू कर दिया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 09005 बांद्रा टर्मिनस–भिवानी सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 28 जनवरी तथा 4, 11, 18 और 25 फरवरी (कुल पांच ट्रिप) को प्रत्येक बुधवार को बांद्रा टर्मिनस से सुबह 11 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जयपुर स्टेशन पर सुबह 6:55 बजे पहुंचेगी और 7:05 बजे प्रस्थान कर वीरवार को दोपहर 1 बजे भिवानी पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09006 भिवानी–बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 29 जनवरी तथा 5, 12, 19 और 26 फरवरी (कुल पांच ट्रिप) को प्रत्येक वीरवार को भिवानी से दोपहर 2:35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जयपुर स्टेशन पर शाम 7:40 बजे पहुंचेगी और 7:50 बजे प्रस्थान कर शुक्रवार को शाम 4:10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में बोरीवली, पालघर, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, दौसा, अलवर, रेवाड़ी, कोसली और चरखी दादरी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में एक सेकेंड एसी, पांच थर्ड एसी, 13 द्वितीय शयनयान, दो साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 23 डिब्बे होंगे।

सब-वे कार्य के चलते कोटा–सिरसा ट्रेन परिवर्तित मार्ग से होगी संचालित

सुगम रेल संचालन के लिए चूरू–सादुलपुर रेलखंड के हड़याल स्टेशन पर सब-वे कार्य को लेकर रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है जिसके चलते कुछ ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 19813 कोटा–सिरसा ट्रेन 29 और 31 जनवरी तथा 2 और 5 फरवरी को कोटा से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन परिवर्तित मार्ग से सीकर, लोहारू और सादुलपुर होकर संचालित होगी। परिवर्तित मार्ग के दौरान यह ट्रेन नवलगढ़, डूंडलोद मुकंदगढ़, झुंझुनू, चिड़ावा, सूरजगढ़ और लोहारू स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

Related Articles

Back to top button