सावधान! सिर्फ शरीर ही नहीं, आपका दिमाग और सम्मान भी छीन लेती है नशे की लत

भिवानी। नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है तथा नशे की लत व्यक्ति को मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से कमजोर बना देती है। यह बात मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम)-कम-सचिव पवन कुमार ने कही। वह जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले के नशा मुक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान मरीजों से संवाद कर रहे थे।
सीजेएम ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति का जीवन अंधकारमय बना देती है, इसलिए इससे बाहर निकलने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र में कार्यरत चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से उपचार प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा, संतुलित आहार, स्वच्छ वातावरण और प्रभावी मानसिक परामर्श उपलब्ध कराया जाए।
सीजेएम ने बाल सेवा आश्रम व सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
बाल सेवा आश्रम के निरीक्षण के दौरान सीजेएम पवन कुमार ने बच्चों के आवास, भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आश्रम में रह रहे बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।




