हरियाणा

भिवानी: जमालपुर में मेडिकल स्टोर संचालक पर हमला, विरोध में बाजार बंद; पुलिस जांच शुरू

भिवानी। गांव जमालपुर के मुख्य बाजार में शनिवार शाम मोटरसाइकिल सवार युवकों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने दुकान में घुसकर मारपीट की, जिसमें संचालक के बेटे सहित दो युवक घायल हो गए। घटना के विरोध में रविवार को जमालपुर का बाजार बंद रखा गया।

 

मेडिकल संचालक संजय ने बताया कि उन्होंने जमालपुर बाजार में सेठी मेडिकल हॉल के नाम से दवा की दुकान खोली हुई है। शनिवार को मास्टर हरीश स्कूटी पर दवा लेने आए थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने बाहर खड़ी स्कूटी को पैर मारकर गिरा दिया। इस पर मास्टर हरीश और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। जब संजय बीच-बचाव करने पहुंचे तो युवकों ने दुकान के अंदर घुसकर उनके साथ मारपीट की।

संजय ने बताया कि कुछ देर बाद आरोपी अपने अन्य साथियों को भी बुला लाए और उन्होंने भी दुकान में घुसकर हमला कर दिया। हमले में संजय का बेटा प्रतीक और दवा लेने आया खुश नामक युवक घायल हो गया। दोनों को पहले जमालपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से उन्हें रेफर कर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां दोनों का उपचार जारी है। घटना के बाद बाजार में आक्रोश फैल गया। विरोध स्वरूप रविवार सुबह जमालपुर का बाजार बंद रखा गया।

व्यापारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही बवानीखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस के आश्वासन के बाद लगभग साढ़े 11 बजे बाजार खुल गया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि दोनों पक्षों से मारपीट की सूचना मिली है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button