हरियाणा

गन्नौर NH-44 पर इंसानियत शर्मसार: अज्ञात महिला को पिकअप ने कुचला, फिर ऊपर से गुजरते रहे सैकड़ों वाहन

गन्नौर : हरियाणा के गन्नौर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 44 पर एक रूह कँपा देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ न केवल तेज़ रफ्तार का कहर दिखा, बल्कि वाहन चालकों की संवेदनहीनता ने इंसानियत को भी कटघरे में खड़ा कर दिया। नेशनल हाईवे पार कर रही एक अज्ञात महिला को पहले एक तेज रफ्तार पिकअप ने कुचला और उसके बाद पीछे से आ रहे सैकड़ों वाहन शव के ऊपर से गुजरते रहे।

जानकारी के अनुसार, हादसा गन्नौर में नेशनल हाईवे पर स्थित ‘मित्रा दा ढाबा’ के पास हुआ। एक अज्ञात महिला पैदल हाईवे पार करने की कोशिश कर रही थी, तभी एक अनियंत्रित पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद जो मंजर देखने को मिला, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। हादसे के बाद भी वाहन चालक नहीं रुके और मृतका के शव को रौंदते हुए निकलते रहे। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक के बाद एक सैकड़ों वाहन महिला के शव के ऊपर से गुजर रहे हैं। इस संवेदनहीनता के कारण शव के अवशेष हाईवे पर बुरी तरह बिखर गए।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी इंडस्ट्रियल थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने सड़क पर बिखरे महिला के शव के अवशेषों को बड़ी मुश्किल से समेटा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मरने वाली महिल की पहचान अभी नहीं हो सकी ।

Related Articles

Back to top button