प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं: अजय
भिवानी में जजपा कार्यकत्र्ता सम्मेलन को संबोधित किया
भिवानी, (ब्यूरो): यहां देवीलाल सदन में शनिवार को जननायक जनता पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्यतिथि जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला शामिल हुए। इस दौरान डॉ. अजय सिंह चौटाला ने दूसरी पार्टी छोडक़र आए कई लोगों को पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में सरकार नाम की कोई चीज नहीं। कानून व्यवस्था का दिवालिया निकला हुआ है। गुंडे लोग अभय व दिग्विजय तक को फोन पर धमकी देते हैं। हमें तो गार्ड दे दिए, जनता की सुरक्षा कौन करेगा। व्यापारियों व उद्योगपतियों से रोज फिरौती मांगी जाती हैं। सीएम उडऩखटोले में मौज ले रहे हैं। अब बदलाव की जरूरत है। बदलाव कोई एक नहीं, हम सब मिलकर कर सकते हैं। अब नेताओं को कान पकड़ कर कुर्सी से उतार कर भगाना पड़ेगा।
अब बदलाव का समय है और बदलाव युवा लेकर आते हैं। आपातकाल से पहले बदलाव की शुरुआत की थी। उसके बाद आपातकाल लगाकर सभी नेताओं को 19 महिने जेल में डाला गया। इंदिरा गांधी ने जैसे ही चुनाव घोषित किए, तब जनता पार्टी का गठन हुआ । चुनाव के परिणाम आए तो कांग्रेस के सभी धुरंधर धराशायी हो गए। उसी तरीके से आज फिर बदलाव की जरूरत है।
डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि हमारे पड़ोसी मुल्क श्रीलंका में भ्रष्ट सरकार को चलता कर मनचाही सरकार बनाई। फिर वही बदलाव की बयार बांग्लादेश में बही। चंद समय पहले नेपाल में नौजवानों ने भ्रष्ट व निकम्मा सरकार को बदला। ऐसे ही कई देशों में बदलाव को लेकर ऐसी घटनाएं हुए। हमारे देश में 11 साल से मोदी सरकार एक छत्र राज कर रही है। असल में सरकार अंबानी व अडानी की है। सरकार देश की सारी संपत्ति इन दो परिवारों को दे रही है। अडानी को सहारा ग्रुप की संपत्ति 10 फिसदी दाम में दे दी।




