
भिवानी (ब्यूरो): हरियाणा प्रदेश में सीईटी परीक्षा के फॉर्म की तारीख बढ़ाए जाने को लेकर जननायक जनता पार्टी के नेता अजय सिंह चौटाला ने कहा कि निश्चित तौर पर सीइटी परीक्षा की समय सीमा बढाई जानी चाहिए, ताकि जो छात्र-छात्राएं फॉर्म नहंीं भर सकें, वे भी इस परीक्षा में शामिल हो सकें। यह बात उन्होंने आज भिवानी के चौ. देवीलाल सदन में जननायक जनता पार्टी के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज 15 जून से 15 जुलाई तक जननायक जनता पार्टी का सदस्यता अभियान चलेगा, जिसकी शुरूआत भिवानी से की गई है। इस अभियान का उद्देश्य निष्ठावान व समर्थित कार्यकर्ता को पार्टी से जोडऩा है। ये पदाधिकारी, गांव, शहर, वार्डो में जाकर संगठन से लोगों को जोडऩे का कार्य करेंगे।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अजय सिंह चौटाला ने कहा कि 100 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी आज अपने संगठन को खड़ा करने के लिए लड़ाई लड़ रही है। तीन-तीन प्रदेशाध्यक्ष बदले जाने के बाद भी जिला स्तरीय संगठन कांग्रेस नहीं बना पाई है। उनकी पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी भी चंडीगढ़ में आकर जा चुके है। कई बार डेटलाईन के बाद भी कांग्रेस संगठनात्मक तौर पर अपने को खड़ा नहीं कर पाई है। वही उन्होंने कहा कि जब उनकी पार्टी भाजपा के साथ सरकार में थी, तब बुजुर्गो की पेंशन में बढ़ोत्तरी हुई। अब भी वे बुजुर्गो की पेंशन बढ़ोत्तरी को लेकर सरकार पर दबाव बनाने का कार्य करेंगे। वही उन्होंने जातिगत जनगणना के मुद्दे पर कहा कि सरकार जातिगत जनगणना को लेकर गंभीर नहीं है, क्योंकि अभी तक ना ही कोई तिथि निर्धारित की गई है तथा ना ही अभी ये भी नहीं बताया गया कि यह कब होगी। कहने मात्र से कार्य नहीं होता। इसके लिए तिथि निर्धारित करने की जरूरत है। इनेलो के साथ जननायक जनता पार्टी के फिर से जुडऩे के सवाल को सिरे से नकारते हुए अजय सिंह चौटाला ने कहा कि अब इस चर्चा को बंद किया जाना चाहिए। वे पहले ही इनेलो व जेजेपी के गठजोड़ की बात नकार चुके है। अन्य दलों के साथ नीतिगत रूप से विचार मिलाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जजपा की अपनी आईडियोलॉजी है, वह अन्य दलों की आईडियोलॉजी की बजाए देवीलाल नीतियों प चलने वाली पार्टी है। अजय सिंह चौटाला ने भिवानी में भाजपा पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा अखबारों व अन्य माध्यमों से अनेक कार्यक्रमों के आयोजन करवाती है, जो जमीन पर कही भी नजर नहीं आते। उन्होंने मुख्यमंत्री पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोग अब मुख्यमंत्री के बारे में कहने लगे है कि मुख्यमंत्री उडनख़टौले से नीचे नहीं उतरते। मुख्यमंत्री से उनके एमएलए व मंत्री भी संतुष्ट नहीं है। जनता की बात की जाए तो वे जनता से पर्चियां जरूर लेते है, इन पर्चियों का क्या होता है, किसी को पता नहीं। वही उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी भाजपा की आलोचना की तथा दीपेंद्र हुड्डा को भाजपा की बी टीम बताया।