हरियाणा

दो दिन की छुट्टी के बाद अस्पताल में उमड़ा मरीजों का सैलाब: OPD में पहुंचे 2000 मरीज, मची अफरातफरी

भिवानी। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को दो दिन के अवकाश के बाद मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आम दिनों में जहां ओपीडी में औसतन 1200 से 1300 मरीज पहुंचते हैं वहीं छुट्टी के बाद मंगलवार को करीब दो हजार मरीज उपचार के लिए ओपीडी में पहुंचे। ओपीडी पर्ची कटवाने के लिए मरीजों की चार लंबी कतारें लगी रहीं जबकि डॉक्टर को दिखाने के लिए मरीजों को डेढ़ से दो घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।

ओपीडी में पहुंचे मरीजों में अधिकतर पुराने मर्ज का इलाज कराने वाले थे वहीं मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज भी काफी संख्या में अस्पताल पहुंचे। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से ही ओपीडी विभाग की पंजीकरण खिड़की पर मरीजों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी जबकि ओपीडी का समय सुबह नौ बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक निर्धारित है। पंजीकरण खिड़की पर महिलाओं और बुजुर्गों की संख्या सबसे अधिक रही।

ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज सामान्य रोग, ईएनटी और त्वचा रोग से संबंधित रहे। नजला, जुकाम, सांस लेने में परेशानी, अस्थमा, कान में संक्रमण और गले में दर्द के मरीज अधिक संख्या में पहुंचे। बारिश के बाद जिले में नजला और गले में दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ने का असर ओपीडी में साफ दिखाई दिया। आमतौर पर हड्डी रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ रहती है, लेकिन मंगलवार को इसके उलट वहां अपेक्षाकृत कम मरीज पहुंचे।

कान में दो दिन से दर्द हो रहा था। अस्पताल बंद था। गांव में ही मेडिकल स्टोर से दवा खरीद कर खा रहा था लेकिन आराम नहीं हो रहा था। इसलिए आज ओपीडी खुलने के बाद यहां जांच करवाने के लिए आया हूं। आज भीड़ ज्यादा है। अभी नंबर आया नहीं है। पहले पर्ची कटवाने में समय लग गया। अब यहां इंतजार कर रहा हूं।

गले में दर्द के साथ जुकाम की समस्या है। इसलिए ओपीडी में आया था। मैं पहली बार आया हूं, लेकिन यहां तो भीड़ ज्यादा है। अभी पर्ची तो बनवा ली है। देखता हूं कितने समय में नंबर आएगा।

पेट में दर्द हो रहा है। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड जांच करवाने के लिए बोला है। लेकिन पहली बार यहां आए हैं तो पता नहीं चल रहा कि कहां कौन सी जांच होगी। अभी किसी ने बताया है कि पुरानी बिल्डिंग में अल्ट्रासाउंड होता है। सुबह दस बजे से यहां बैठे थे तब जाकर नंबर आया है।

लगातार दो दिन अवकाश रहने के बाद अस्पताल की ओपीडी में औसतन ज्यादा मरीज आते हैं। ओपीडी में आने वाले सभी मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के नए परिसर में ओपीडी लग रही हैं जहां मरीजों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है।

Related Articles

Back to top button