स्कूलों और अस्पतालों के बाद अब दिल्ली के संग्रहालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में स्थित रेल संग्रहालय को बम की धमकी वाला एक ई-मेल मिला है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गहन जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में स्थित रेल संग्रहालय को बम की धमकी वाला एक ई-मेल मिला है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गहन जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मंगलवार को रेल संग्रहालय के आधिकारिक ईमेल पते पर एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें कहा गया था कि परिसर में बम रखा गया है।
गहन तलाशी के बाद अफवाह घोषित कर दिया
उन्होंने बताया कि जब संग्रहालय के अधिकारियों ने बुधवार को ईमेल देखा तो उन्होंने लगभग 11 बजे स्थानीय पुलिस को सूचित किया। बम का पता लगाने वाली टीम, बम निरोधक दस्ते, अग्निशमन अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने गहन तलाशी ली। इसके बाद उन्होंने इसे अफवाह घोषित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले ने इसे कुछ और संग्रहालयों को भी भेजा था। इसी तरह के कई ईमेल पिछले महीने दिल्ली के स्कूलों और अस्पतालों को भेजे गए थे। इन मामलों की जांच विशेष शाखा कर रही है।