परिवार में कुछ दिन पहले हुई थी शादी, अब टूटा दु:खों का पहाड़

उचाना मंडी: उचाना कलां की गडरिया बस्ती में देर रात एक झोंपड़ी में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने से झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने एवं आस-पड़ोस के लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। घर की बहू ने धुआं उठता देखा तो उसने पूरे परिवार को जगाया।
जानकारी के अनुसार रात में पूरा परिवार सोया हुआ था। रवि की झोपड़ी में आग का पता उसके भाई रोहित की पत्नी को चला। वह जब बाहर निकली तो आग देखकर चिल्लाई, जिससे पूरा परिवार जाग गया। परिवार ने तुरंत आग पर काबू पाने की कोशिश की। वहीं कुछ दिन पहले ही परिवार में हुई शादी का सारा सामान इसी झोंपड़ी में रखा था। रोहित ने बताया कि आग में वॉशिंग मशीन, सिलाई मशीन, सूट, पेटी और बर्तन समेत सारा सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में परिवार के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जल गए। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खातों की कॉपियां शामिल थीं। बुजुर्ग महिला की कई महीनों की पैंशन की राशि भी आग की भेंट चढ़ गई। कई चारपाइयां भी जलकर नष्ट हो गईं। घटना के समय पूरा परिवार सो रहा था। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।