हरियाणा

अंबाला के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात: बड़ागढ़ में 17 करोड़ से बनेगा पहला हॉकी एस्ट्रोटर्फ और सिंथेटिक ट्रैक

अंबाला  : अंबाला जिले के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शाहजादपुर के बड़ागढ़ गांव में आधुनिक खेल स्टेडियम में हॉकी एस्ट्रोटर्फ और सिंथेटिक ट्रैक बनाए जाने को हरी झंडी मिल गई है। करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का काम जल्द शुरू होगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अब बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

बता दें कि जिले के पहले हॉकी एस्ट्रोटर्फ और सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण शाहजादपुर के बड़ागढ़ स्थित आधुनिक खेल स्टेडियम में किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीएम कप के दौरान खिलाड़ियों की पांच साल पुरानी मांग को पूरा करते हुए इस परियोजना की घोषणा की थी।

पूरे प्रोजेक्ट को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य 

लोक निर्माण विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर शिव नरेश कंपनी को वर्कऑर्डर जारी कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार इस पूरे प्रोजेक्ट को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। खास बात यह है कि जिले में पहली बार हॉकी टर्फ और एथलेटिक्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक एक साथ तैयार किए जाएंगे। अब तक अंबाला में एस्ट्रोटर्फ मैदान नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को घास और मिट्टी के मैदानों पर अभ्यास करना पड़ता था, जबकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले एस्ट्रोटर्फ पर ही खेले जाते हैं। मजबूरी में कई खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए कुरुक्षेत्र और शाहाबाद जैसे शहरों का रुख करना पड़ता था।

बड़ागढ़ में चार लेन का सिंथेटिक ट्रैक बनने से धावकों को भी बड़ा फायदा होगा। नारायणगढ़ और शाहजादपुर के आसपास के सैकड़ों गांवों के युवाओं को अपने घर के नजदीक ही विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं मिलेंगी, जिससे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button