हरियाणा

अब परिवार पहचान पत्र हर साल रिन्यू होगा; रिन्यू न करवाने पर सरकारी सेवाओं से वंचित

भिवानी। आमजन को अब प्रत्येक वर्ष अपना परिवार पहचान पत्र रिन्यू करवाना अनिवार्य होगा। फैमिली आईडी में दर्शाई गई वार्षिक आय के आधार पर मिलने वाली सरकारी सेवाएं रिन्यू न करवाने पर बंद हो जाएंगी। मानव सूचना एवं संसाधन विभाग ने पोर्टल पर फैमिली आईडी रिन्यू करने का विकल्प उपलब्ध कराया है। आवेदक को हर वर्ष अपनी फैमिली आईडी में दर्ज जानकारियों को दुरुस्त करने के बाद उसकी प्रति स्वयं सत्यापित कर पोर्टल पर अपलोड करनी अनिवार्य है। जानकारी अपडेट न होने पर परिवार पहचान पत्र निष्क्रिय हो जाएगा।

दरअसल फैमिली आईडी धारकों द्वारा लंबे समय से अपनी जानकारी अपडेट नहीं करवाई जा रही थी। कई मामलों में लड़की की शादी, आय बढ़ने या अन्य योजनाओं का लाभ बंद होने के डर से लोग फैमिली आईडी अपडेट नहीं कराते थे। ऐसे में पात्र न होते हुए भी कुछ लोग अंत्योदय योजना के लाभार्थियों की जगह लाभ उठा लेते थे। इस तरह की गड़बड़ियों को रोकने के लिए सरकार ने फैमिली आईडी को हर साल रिन्यू करना अनिवार्य कर दिया है। वहीं परिवार पहचान पत्र रिन्यू न करने पर फैमिली आईडी बंद होने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ भी रुक सकता है।

फिलहाल बंद है आय अपडेट करवाने के लिए आपत्ति दर्ज करवाने का ऑप्शन

फैमिली आईडी हर साल रिन्यू होने से सरकार के पास परिवार की वर्तमान जानकारी उपलब्ध रहेगी जिससे योजनाओं का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंचेगा। अगर फैमिली आईडी में दर्ज आय गलत है तो उसे ठीक कराया जा सकता है। गलत आय की वजह से कई परिवारों के बीपीएल कार्ड तक कट गए थे। हालांकि आय सुधारने और व्यवसाय अपडेट करवाने के लिए पोर्टल पर आपत्ति दर्ज करवाने का विकल्प फिलहाल बंद है।

सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रत्येक वर्ष फैमिली आईडी रिन्यू करवाना अनिवार्य है। आमजन समय पर अपनी आय व पारिवारिक जानकारियां अपडेट करवाएं अन्यथा योजनाओं का लाभ मिलना बंद हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button