नारनौल में पारे ने छुआ 5 डिग्री, हरियाणा में ठिठुरन बढ़ेगी; रातों के लिए अलर्ट जारी

हिसार। प्रदेश में तेजी से तापमान नीचे गिर रहा है। रात को तापमान नीचे गिरते हुए सिरसा और नारनौल का तापमान दो डिग्री तक गिर गया। राजस्थान के साथ लगते नारनौल की रात सबसे ठंडी रही।
वहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री तो सिरसा का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री तक पहुंच गया। उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से आने वाले दिनों में यह तापमान नीचे जाने की उम्मीद है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से लगातार तापमान के नीचे जाने और हवा में नमी बढ़ने से रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना व्यक्त की गई है। मंगलवार को कई जिलों का तापमान दो डिग्री तक गिर गया। इसके साथ ही आने वाले दिनों रात का तापमान तेजी से नीचे जाएगा। इसके अलावा हिसार का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
वहीं भिवानी और करनाल का तापमान भी सात डिग्री के आस पास चल रहा है। अधिकतम तापमान भी 25 डिग्री के आस पास चल रहा है। आगे और सर्दी बढ़ने की संभावना है।




