हरियाणा

हरियाणा में बढ़ी ठिठुरन: नारनौल-हिसार सबसे ठंडे, 28 तक मौसम रहने वाला है खुश्क

हरियाणा : हरियाणा में प्रतिदिन ठंड में इजाफा होता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ती जा रही है। दिन में धूप निकलने पर लोगों को राहत जरूर मिलती है। वहीं बात अगर प्रदेश के शहरों के तापमान की करें तो नारनौल सबसे ज्यादा ठंडा शहर रहा। यहां का तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं हिसार में पारा 7.9 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि कैथल में 8.9 और जींद में 8.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है। सर्द हवाओं का असर और तेज महसूस किया जा रहा है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। हालांकि, 27 नवंबर से मौसम में बदलाव की संभावना है। उस दौरान बादल छाने से दिन के तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर और बढ़ेगा।

फिलहाल सुबह के समय हल्की धुंध देखी जा रही है, जबकि दिन में धूप का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। इस समय हरियाणा में अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड का असर और गहराने की संभावना है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 28 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है, जिससे सुबह व शाम को ठंड रहने की संभावना है। वातावरण में नमी की अधिकता के कारण कहीं कहीं सुबह के समय हल्की धुंध भी रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button