हरियाणा

हम स्वदेशी वस्तुएं अपनाकर ही बन सकते हैं आत्मनिर्भर: धर्मबीर सिंह

भिवानी, (ब्यूरो): लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा है कि देश को पूर्ण रूप से विकसित बनाने के लिए हमें अपने पैरों पर खड़ा होना होगा। यह तभी संभव है जब हम स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएंगे। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और देश का पैसा देश में ही रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया को यह दिखा दिया है कि हमारा देश किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। देश का युवा प्रतिभावान है। कोरोना जैसी महामारी में हमारे वैज्ञानिकों ने इस बीमारी से बचाव के लिए वैक्सीन बनाई और वही वैक्सीन हमने दूसरे देशों को फ्री में दी जबकि विदेशी वैक्सीन इतनी असरदार नहीं थी। उन्होंने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि वे दीपावली पर स्वदेशी वस्तुएं खरीदें और स्वदेशी सामान का ही उपयोग करने का प्रण लें। सांसद धर्मबीर सिंह लोक निर्माण विश्रामगृह में आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अपनाओ अभियान को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हम इस तरह सक्षम है कि सुई से लेकर सैन्य हथियार तक बना सकते हैं इसका प्रमाण भी पिछले दिनों हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को दिया जिसमें स्वदेशी हथियारों का ही प्रयोग किया। इसको देखकर बड़े-बड़े विकसित ताकतवर देश भी अचंभित रहे। उन्होंने कहा कि जब कोई वास्तु हमारे देश में बनेगी तो हमारा दूसरे देशों से मुकाबला नहीं रहेगा जबकि बड़े देश हथियारों के सौदे के नाम अपना प्रभाव जमाते हैं।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्वदेशी के साथ-साथ खादी को अपनाने का आह्वान किया है। इससे लघु उद्योगों और बुनकरों को काम मिलेगा। इसी प्रकार से हमारे घरों में रोजमर्रा में काम आने वाली वस्तु भी हमारे देश में निर्मित ही खरीदनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी सेहत के लिए मटके में रखा हुआ पानी सबसे लाभदायक होता है जबकि फ्रिज में रखा हुआ पानी सेहत के लिए नुकसानदायक होता है, चिकित्सक भी फ्रिज का पानी पीने से परहेज बताते हैं। इसी कड़ी में यदि प्रत्येक घर में मटके के पानी का उपयोग हो तो मटका बनाने वालों को भी काम मिलेगा और उसकी आमदनी बढ़ेगी। इसी तरह दीपावली पर घरों को मिट्टी के दीयों से रोशन करें। उन्होंने कहा स्वदेशी वस्तुएं अपनाने में प्रधानमंत्री मोदी युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 11 वर्षों के दौरान देश के युवाओं को नई दिशा देने का काम किया है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक, एडवोकेट शंकर धूपड़, रमेश पचेरवाल, सुनील वर्मा नंबरदार, मनोज ढाना, कुलदीप शतरंज सहित आदि गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button