सरकार पंजीकृत श्रमिकों के कल्याण के लिए चला रही है अनेक योजनाएं: घनश्याम सर्राफ

भिवानी, (ब्यूरो): विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि सरकार द्वारा पंजीकृत श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड और हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। पंजीकृत श्रमिकों को उनके कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। विधायक सर्राफ टीआईटीएस सभागार में आयोजित जिला स्तरीय श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में नगराधीश अनिल कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिसार डिवीजन की डिप्टी लेबर कमिश्नर शशि बाला ने की। इस दौरान गुरुग्राम में आयोजित प्रदेश स्तरीय श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपना संदेश दिया। विधायक सर्राफ ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही है, जिसमें पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं की लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ पात्र व्यक्ति के खाते ऑनलाइन माध्यम से सीधे रूप से दिया जाता है। सरकार ने बिचौलिया प्रथा को समाप्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम रहा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए नीतियां लागू कर रही है। भाजपा सरकार से हर वर्ग खुश है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगराधीश अनिल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंंद्र मोदी के जन्म दिन के उपलक्ष्य में सात सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला में डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। शहरी स्थानीय निकाय, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बैंकिंग सेवाएं, क्रीड, पंचायत विभाग सहित विभागों द्वारा गतिविधियां आयोजित कर सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।