श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ में दी संपूर्ण आहुति मां दुर्गा सेवा दल का 20वां वार्षिकोत्सव संपन्न
विधायक सुनील सांगवान व महंत चरणदास भी हुए शामिल
चरखी दादरी, (ब्यूरो): मां दुर्गा सेवा दल द्वारा आयोजित श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ की आज आदर्श धर्मशाला में हवन व प्रसाद वितरण के साथ संपूर्ण आहुति अर्पित की गई। स्वामी प्रणवपुरी के सान्निध्य में इस ज्ञान यज्ञ का दादरी शहर व आसपास से आए हजारों श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ प्राप्त किया। महंत स्वामी प्रणवपुरी ने कथा के नौंवे दिन भगवान राम की अयोध्या वापसी और राजतिलक के प्रसंग का अद्भुत वर्णन किया। उन्होंने कहा कि पुष्पक विमान से राम अयोध्या आए। उनका अयोध्या में भव्य स्वागत किया गया। राजमहल में राम ने सबसे पहले माता केकैयी से भेंट की। केकैयी ने कहा राम मैं तुम्हें मुंह दिखाने के लायक नहीं। राम ने कहा माता आज यह संसार जिस धनुर्धारी व प्रतापी राम को जानता है, उसे तुमने ही बनाया है। आपके दिए वनवास से ही जगत को राक्षसों से मुक्ति मिली। आपका आशीर्वाद सदैव मेरे साथ रहा।
स्वामी प्रणवपुरी ने कहा कि अलग-अलग माता की संतान होते हुए चारों भाइयों में अलौकिक प्रेम भावना भरी हुई थी। हमारा परिवार एक रहे, ऐसा सबका स्वभाव होना चाहिए। कथा में भिवानी हनुमान जोहड़ी के महंत चरणदास जी और दादरी के विधायक सुनील सांगवान उपस्थित रहे। मां दुर्गा सेवा दल के प्रधान राजेश नागवान और महासचिव प्रवीन मरहटा ने आयोजन में योगदान के लिए मातृशक्ति, दानी सज्जनों एवं सेवकों का आभार व्यक्त किया। राजतिलक के बाद व्यासपीठ का भी सम्मान किया गया।




