राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान का उद्देश्य आपसी समझ व सहयोग से विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान करना : रीतू यादव
मेडिएशन फॉर द नेशन अभियान के अंतर्गत एक माह में 41 मामलों का सफल निपटारा

सोमवीर शर्मा
फरीदाबाद, (ब्यूरो): राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, मेडिएशन फॉर द नेशन शीर्षक से एक विशेष राष्ट्रव्यापी अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य विवादों के समाधान हेतु मध्यस्थता (मेडिएशन) को एक प्रभावी माध्यम के रूप में बढ़ावा देना है। यह अभियान 1 जुलाई से प्रारंभ होकर 90 दिनों तक चलेगा और 30 सितंबर तक जारी रहेगा।
इस अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फरीदाबाद द्वारा जिला स्तर पर मध्यस्थता के लाभों और प्रक्रिया के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न पहल की जा रही हैं।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद, श्रीमती रीतू यादव ने बताया कि मध्यस्थता के प्रति जन-जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं ताकि आमजन को इस वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली की जानकारी दी जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि जिला न्यायालयों के न्यायिक अधिकारी एवं अधिवक्ता इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं, जिससे अभियान को व्यापक स्तर पर सफलता मिल रही है।
अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रीमती यादव ने बताया कि इस राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान का उद्देश्य आपसी समझ व सहयोग से विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान करना है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यस्थता न केवल आपसी संबंधों को बनाए रखने में सहायक है, बल्कि यह न्यायालयों पर मुकदमों के बोझ को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
यह उल्लेखनीय है कि जुलाई माह में ही फरीदाबाद में इस अभियान के तहत 41 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया।
श्रीमती यादव ने बताया कि जनता को यह भी जानकारी दी जा रही है कि पारिवारिक विवाद, संपत्ति संबंधी विवाद, व्यावसायिक अनुबंधों से संबंधित समस्याएं तथा उपभोक्ता शिकायतें आदि कई प्रकार के मामलों का समाधान मध्यस्थता के माध्यम से प्रभावी रूप से किया जा सकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद, मेडिएशन फॉर द नेशन अभियान के अंतर्गत न्याय तक सहज पहुंच एवं वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयासरत है।