सीजेएम पवन कुमार ने जिला जेल का किया औचक निरीक्षण
कैदियों की समस्याएं सुनी, जेल प्रशासन को दिए जरूरी दिशा-निर्देश
सोमवीर शर्मा भिवानी, (ब्यूरो): जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश देशराज चालिया के निर्देशानुसार प्राधिकरण के सीजेएम -सह-सचिव पवन कुमार ने बुधवार को भिवानी स्थित जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का गहन अध्ययन किया और वहां मौजूद कैदियों तथा बंदियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम पवन कुमार ने कैदियों और विचाराधीन बंदियों से उनके मामलों में आ रही कानूनी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें नि:शुल्क विधिक सहायता के प्रावधानों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है और कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने जेल में स्थापित विधिक सहायता क्लीनिक का भी निरीक्षण किया और वहां कार्यरत पैनल अधिवक्ताओं से कैदियों को दी जा रही सहायता की जानकारी ली। सीजेएम पवन कुमार ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि क्लीनिक नियमित रूप से संचालित हो और हर जरूरतमंद बंदी तक कानूनी जानकारी पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम पवन कुमार ने जेल की बैरिकों और अस्पताल का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, दवाओं की उपलब्धता और बंदियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि बंदियों के स्वास्थ्य से कोई समझौता न हो और समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर उप अधीक्षक राय साहब, अनिल शर्मा, एलेडीसीएस का स्टाफ और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।




