जर्नलिस्ट क्लब भिवानी के 8वें पौधारोपण अभियान का त्रिवेणी लगाकर एसपी मनबीर सिंह ने किया शुभारंभ

भिवानी(ब्यूरो): जर्नलिस्ट क्लब भिवानी के 8वें पौधारोपण अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह ने बीट्स इंटरनेशनल स्कूल परिसर में त्रिवेणी लगाकर किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक शशी रंजन परमार विशेष रूप से मौजूद थे। अपने संदेश में पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह ने कहा कि पौधारोपण वर्तमान समय की जरूरत है। तेजी से फैल रहे प्रदूषण को अगर नियंत्रित करने के लिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे। उन्होने कहा कि जितना पेड़ लगाना आवश्यक है, उससे जरूरी पेड़ की देखभाल करना है। हमारे देेश में प्रति व्यक्ति एक सौ पेड़ होने चाहिए। परन्तु अभी प्रति व्यक्ति पेड़ों की संख्या प्रति व्यक्ति केवल 28 है, जो बहुत ही कम है। पुलिस अधीक्षक ने आगेे कहा कि भारत में कुल भूखंड का 33 प्रतिशत पेड़ और जंगल का होना चाहिए। ऐसा वन नीति में भी तय किया गया है। हम अगर 100 करोड़ पौधे प्रति वर्ष लगाएं तो हमारा लक्ष्य 45 साल में पूरा होगा। इसलिए हमें अधिक से अधिक पौधे लगा कर पर्यावरण को शुद्ध रखना होगा। मनबीर सिंह ने बताया कि अभी हमारे देश में 227 बिलियन पौधे लगाए जाने की जरूरत है। उन्होने जर्नलिस्ट क्लब भिवानी के पौधारोपण अभियान की सराहना की। पूर्व विधायक शशी रंंजन परमार ने पौधे लगाने पर जोर दिया। उन्होने कहा कि उनके शिक्षण संस्थानों का पौधे लगाने का भी लक्ष्य रखा जाता है। परमार ने कहा कि अगर आज हम जरूरत अनुसार पौधे नहीं लगायेेंगेे तो आने वाली पीढ़ी हमे माफ नहीं करेगी। इस मौके पर क्लब के प्रधान ईश्वर धामु ने बताया कि पौधारोपण क्लब का स्थाई प्रोजेक्ट है। क्लब की ओर से हर साल करीब 500 पौधे लगाए जाते हैं। इस प्रकार सात साल में तीन हजार से अधिक पौधे क्लब की ओर से लगाए जा चुके हैं। पौधों की देखभाल के लिए क्लब की एक कमेटी भी बनाई हुई है, जो समय समय पर जाकर पौधों की देखभाल करती है। इस बार भिवानी के अलावा लोहारू और तोशाम में भी पौधे लगाए जायेंगे। इस अवसर पर स्कूल के प्रिंसिपल अशोक कुमार मुंजाल, जिला लोक सम्पर्क अधिकारी सुरेंद्र कुमार, डाक्टर करण पुनिया, भाजपा नेता हर्षदीप डुडेजा, पार्षद विनोद कुमार प्रजापति, वरिष्ठ भाजपा नेत्री बबीता सिंंह तंवर, कोरियोग्राफर संदीप कुमार विशेष रूप से मौजूद थे।




