हलवासिया विद्या विहार में शतरंज दिवस मनाया

भिवानी, (ब्यूरो): हलवासिया विद्या विहार में नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु शतरंज दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में तार्किक चिंतन, एकाग्रता, निर्णय क्षमता तथा समस्या समाधान जैसी मानसिक क्षमताओं का विकास करना था। इसमें विद्यालय के लगभग 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्रों में शतरंज को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। उन्होंने बड़ी लगन और उत्सुकता के साथ विभिन्न चालों का अभ्यास किया तथा खेल के दौरान अपने प्रतिस्पर्धियों के सामने बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की शतरंज के प्रति उत्सुकता और सक्रियता को देखते हुए विद्यालय में शतरंज एसोसिएशन की भी स्थापना की गई। इसमें छात्रा समायरा को अध्यक्ष एवं साहिल शर्मा को उपाध्यक्ष, यशवर्धन को सचिव, सूरज प्रकाश को सह-सचिव तथा याशी को खजांची नियुक्त किया गया। विद्यालय प्रशासक डॉ शमशेर सिंह अहलावत एवं प्राचार्य विमलेश आर्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा- कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक ऐसा माध्यम है जो मस्तिष्क को तेज़ करता है और जीवन के निर्णयों में भी मार्गदर्शन देता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे और आयोजनों के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया छात्रों में इस खेल के माध्यम से मानसिक अनुशासन और रणनीति की समझ विकसित होती है। उन्होंने शतरंज को मस्तिष्क का व्यायाम बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास और भागीदारी के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का सफल संचालन योग शिक्षिका अंजू लोहान के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर आचार्या बिजयलक्ष्मी एवं रेखा भी उपस्थित रहीं।