अनुसूचित जाति वर्ग के हित भाजपा सरकार में ही सुरक्षित हैं : बडग़ुजर

भिवानी (ब्यूरो): हरियाणा अनुसूचित आयोग के तत्वाधान में स्थानीय पंचायत भवन में हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष विजेंद्र बडगुजर और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर सुदेश कटारिया मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याएं भी सुनी और उनके हरसंभव समाधान का आश्वासन दिया। उपाध्यक्ष बडगुजर ने कहा कि संविधान की बदौलत ही हमें समान रूप से अधिकार मिले हैं। उन्होंने कहा कि एससी वर्ग के हितों की रक्षा के लिए ही भाजपा सरकार ने हरियाणा में अनुसूचित जाति आयोग का गठन किया है। यह एक तरह से भारतीय संविधान का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना केंद्र और हरियाणा सरकार का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कटारिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ही वास्तव में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को सही मायने में सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा प्रदेश में बिना खर्ची और बिना पर्ची के पारदर्शित और योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी देकर एक व्यवस्था बदलने का काम किया है इससे गरीबों से गरीब घरों के बच्चे उच्च पदों पर जा रहे हैं। इससे युवाओं में एक नया जोश और एक नई सोच पैदा हुई है।