हलवासिया विद्या विहार में यज्ञ के माध्यम से हुआ नए सत्र का आगाज

भिवानी, (ब्यूरो): स्थानीय हलवासिया विद्या विहार में अभिमन्यु सदन की देख-रेख में वैदिक मंत्रोच्चारण और यज्ञ के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हुआ।छात्रों का बैंड-बाजे, पुष्पवर्षा द्वारा स्वागत किया गया।माध्यमिक विभाग प्रमुख सुवीरा गर्ग द्वारा नव प्रवेश लेने वाले छात्रों को तिलक लगाया गया। प्राचार्य विमलेश आर्य ने विद्यार्थियों को नव- सत्र की शुभकामनाएंँ देते हुए वैदिक मंत्रों से यज्ञ का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों व शिक्षकों ने आहुतियांँ डालकर मंत्रोच्चारण से नए सत्र की शुरुआत की। प्राचार्य विमलेश आर्य ने यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यज्ञ मनोकामनाओं को सिद्ध करने वाला होता है तथा प्रभु के सामीप्य की अनुभूति कराता है। ।उन्होंने बताया कि जब हम किसी पुनीत कार्य को करने से पूर्व अपने आराध्य का स्मरण करते है तो उसका प्रतिफल अच्छा ही प्राप्त होता है इसलिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नए सत्र का प्रारंभ यज्ञ के साथ किया गया है।विद्यालय प्रशासक डॉ. शमशेर सिंह अहलावत ने भी सभी को नव सत्र की शुभकामनाएँ देते हुए बताया कि शिक्षा हमारे भविष्य का निर्माण करती है और यदि हम इसे सही दिशा में और ईमानदारी से ग्रहण करते हैं तो हम अपने इच्छित लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी छात्रों को मेहनत व समर्पण के साथ पढऩे तथा साथ ही सभी सहपाठ्य गतिविधियों में भाग लेने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर विभाग प्रमुख अलेक्जेंडर दास, अमरेंद्र कुमार,सुवीरा गर्ग व समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।