हरियाणा

बीआरसीएम कॉलेज में महिला दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

भिवानी, (ब्यूरो): बीआरसीएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी बहल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसके बाद महिला सेल की इंचार्ज अनीता दलाल ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए महिलाओं के सामाजिक और व्यक्तिगत विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर यूनिचार्म इंडिया की सीएसआर कार्यकारी, नित्या चौधरी, ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं। उन्होंने महिलाओं के कौशल विकास, प्रशिक्षण, मूल्यांकन, मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे अति महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार महिलाएं स्वास्थ्य जागरूकता और स्वच्छता अपनाकर अपने जीवन की गुणवत्ता सुधार सकती हैं। कार्यक्रम में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बीआरसीएम के सभी उच्च शिक्षा संस्थानों की छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने अपने पोस्टर्स के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा और सामाजिक बदलाव जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक सोच को प्रदर्शित किया। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनुज शर्मा ने विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित होकर सभी छात्राओं और स्टाफ को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपने अधिकारों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में सहायक होते हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए सतत प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बीआरसीएम लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार शुक्ला, डॉ. अनीता तंवर, पवन कुमार, उपेन्द्र, डॉ. शिम्पी गेरा, और अन्य वरिष्ठ शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button