
तोशाम, (वीरेन्द्र): खंड स्तरीय ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता में महिलाओं ने सर्दी को मात देते हुए दम दिखाया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैरू में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा ने किया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा ने कहा कि खेलों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा व क्षमता दिखाने का मौका मिलता है। आज महिलाएं विश्व स्तर पर खेलों के माध्यम से देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार जरूरी कदम उठा रही है जिससे खेल व खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी ने विजेता महिलाओं को सम्मानित किया। सीडीपीओ लाजवंती ने कहा कि खेल हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, वहीं खेलों से आपसी भाईचारा भी बढ़ता है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण महिलाओं की खेल प्रतियोगिता में पहली बार संगीत कुर्सी व डिस्कस थ्रो दो खेलों को शुरू किया गया है। आलू-चम्मच व मटका दौड़ को इस बार समाप्त कर दिया गया है। खेल परिणामों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि डिस्कस थ्रो में ढाब ढाणी की कविता प्रथम व बिजलानावास से पूनम दूसरे स्थान पर रही। म्यूजिकल चेयर में इंदीवाली की सुनीता प्रथम व ढाब ढाणी की किरण दूसरे स्थान पर रही। सौ मीटर दौड़ में धारवानवास की रेखा प्रथम रही। 3 सौ मीटर दौड़ में जूई कलां से मनीषा, चार सौ मीटर दौड़ में भी जूई से ही सुमन प्रथम रही। वहीं 5 किलोमीटर साइकिल रेस में जूई बिचली से मुस्कान प्रथम व कैरू से निशा दूसरे स्थान पर रही। इस मौके पर सुपरवाइजर आयना, नीलम व लक्ष्मी, पूनम, स्वीटी, सतीश, खेल प्रशिक्षक राजेश व राधेश्याम, चिकित्सा विभाग से डॉ यशवंती, शुभम शर्मा, सचिन आदि उपस्थित रहे।