सैलजा नॉमिनेशन भरवाने पहुंचीं श्रुति चौधरी हुईं भावुक, टिकट कटने का फिर छलका दर्द
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हरियाणा में पिछले कई दिनों से उठा पटक का दौर जारी है। राजनीति में खलबली मची हुई है। भाजपा के बाद अब कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से कांग्रेस की कदावर नेता और पूर्व सांसद श्रुति चौधरी का टिकट काटा गया...
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हरियाणा में पिछले कई दिनों से उठा पटक का दौर जारी है। राजनीति में खलबली मची हुई है। भाजपा के बाद अब कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से कांग्रेस की कदावर नेता और पूर्व सांसद श्रुति चौधरी का टिकट काटा गया है, हालांकि कैमरे पर तो श्रुति चौधरी पार्टी के साथ खड़ी होती हुई दिखाई दी। लेकिन बातों ही बातों में श्रुति चौधरी का दर्द भी झलकता हुआ नजर आया।
भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट चौधरी बंसी लाल का गढ़ माना जाता है और श्रुति के पिता सुरेंद्र सिंह और माता किरण चौधरी का उस इलाके में काफी राजनीतिक रसूख रहा है, लेकिन इतने बड़े राजनीतिक घराने के बावजूद पार्टी ने श्रुति को टिकट नहीं दिया है। जिसका दर्द अब आए दिन श्रुति चौधरी और उनकी माता के दिल और जुबान से दिखाई दे रहा है। सिरसा में कुमारी शैलजा के नॉमिनेशन फाइल करवाने पहुंची श्रुति चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी हाई कमान को भी खूब खरी खोटी सुनाई और भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी कई जुबानी हमले किए।
टिकट कटने के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रुति चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट को लेकर कई सर्वे किए थे। हर सर्वे में वो सबसे आगे थी। श्रुति ने कहा कि सर्वे में 56 प्रतिशत पर वो थीं, जबकि दूसरे दावेदार ( राव दान सिंह ) 32 प्रतिशत पर थे। इसके बावजूद पार्टी ने जो फैसला किया है अपने स्तर पर किया है। पार्टी ने जो भी फैसला किया है हम उसका सम्मान करते हैं। हम सब पार्टी के लोग हैं। टिकट कटने के बाद भी हम पार्टी के साथ खड़े हैं। श्रुति चौधरी ने कहा कि हम लोग राजनेता हैं देखेंगे आगे क्या होता है।
श्रुति चौधरी ने इशारों ही इशारों में विधानसभा चुनाव लड़ने की भी इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि हम लोग राजनेता है आगे देखेंगे क्या होता है। श्रुति ने कहा कि आगे चुनाव तो जरूर लड़ूंगी। इसके साथ ही श्रुति से जब हरियाणा में 9 में से 8 सीटें भूपेंद्र सिंह हुड्डा समर्थकों को मिलने का सवाल किया गया तो श्रुति चौधरी ने हुड्डा पर ही तंज कसने में जरा सी भी देरी नहीं लगाई और फटाफट बातों ही बातों में हुड्डा साहब को इसका नतीजा देखने की बात भी कह डाली है। उन्होंने कहा कि सभी बातें प्रदेश में हो रही हैं सबको पता है कि सच्चाई क्या है। जमीन पर क्या बातें है जब चुनाव के नतीजे आएंगे तभी पता चलेगा कि जमीनी हकीकत क्या है।
इस दौरान कुमारी शैलजा की तारीफ करते हुए श्रुति ने कहा कि कुमारी शैलजा देश और प्रदेश की बड़ी अच्छी नेता हैं। शैलजा एक दिन बहुत ऊंचे मुकाम पर पहुंचेंगी। जल्द ही कुमारी शैलजा हरियाणा की सीएम बनेंगी। कुमारी शैलजा के साथ बहुत आशीर्वाद है। श्रुति चौधरी का दावा है कि मैं और किरण चौधरी दोनों ही भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से चुनाव लड़ रहे राव दान सिंह का प्रचार करेंगी। भाजपा के खिलाफ लोगों में बहुत आक्रोश है। पिछले 10 सालों में भाजपा की सच्चाई देश और प्रदेश के सामने आ गई है। कांग्रेस बहुत स्ट्रांग हुई हैं। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में बहुत काम करवाए हैं। गांधी परिवार के हरियाणा में प्रचार करने पर फैसला भी कांग्रेस लीडरशिप करेगी।