उत्तर प्रदेश

Crime News: 50 साल की उम्र में याद आया ‘पुराना प्यार’, तमंचा लेकर प्रेमिका के मायके पहुंचा प्रेमी; फिर जो हुआ…

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक अजीब मामला सामने आया है. यहां 50 साल के एक शादीशुदा आदमी को अपना पुराना प्यार याद आ गया. वह अपनी पूर्व प्रेमिका से बात करना चाहता था, लेकिन जब महिला ने उससे दूरी बना ली तो वह गुस्से में उसके मायके जा पहुंचा.

हाथ में तमंचे जैसा दिखने वाला सामान लेकर उसने महिला को डराने की कोशिश की. बाद में पता चला कि वह असली तमंचा नहीं, बल्कि लाइटर था, जो बिल्कुल देसी कट्टे जैसा दिख रहा था. दरअसल पूरा मामला बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है.

महिला ने डरकर तुरंत पुलिस को फोन कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया. जानकारी के मुताबिक, प्रेमनगर थाने की कानूनगोयान चौकी के प्रभारी सरताज सैफी को एक महिला ने कॉल कर बताया कि एक व्यक्ति उसके दरवाजे पर खड़ा होकर उसे धमका रहा है.

पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. वहां 50 साल का व्यक्ति महिला के घर के बाहर खड़ा मिला. उसके हाथ में जो तमंचा दिख रहा था, उसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया. जांच में पता चला कि वह असली हथियार नहीं, बल्कि तमंचे के आकार का लाइटर था.

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और महिला दोनों शादीशुदा हैं. करीब 15 साल पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ था. लंबे समय तक दोनों एक-दूसरे से मिलते-जुलते रहे. लेकिन अब महिला ने समाज और परिवार की बदनामी के डर से उससे बात करना बंद कर दिया था.

देर रात तक थाने में चली पंचायत

महिला के फोन उठाना बंद करने से आरोपी नाराज हो गया. पहले वह महिला के घर पहुंचा, फिर उसके मायके जा धमका. वहां नकली तमंचा दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश की. महिला घबरा गई और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी.

पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई. जांच में यह भी पता चला कि दोनों के बच्चे अब बड़े हो चुके हैं और अपने-अपने परिवार हैं. परिवार के लोग इनकी हरकतों से काफी परेशान बताए जा रहे हैं. रात तक थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और पंचायत चलती रही. पुलिस ने समझाने की कोशिश की.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की बात कही जा रही है.

Related Articles

Back to top button