Gold Silver Price Hike: मिडिल ईस्ट युद्ध का असर! चांदी ₹3 लाख और सोना ₹1.73 लाख के पार; जानें दिल्ली से MCX तक के नए रेट्स

मिडिल ईस्ट की टेंशन के बीच ना सिर्फ देश के वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली. वहीं दूसरी ओर देश के स्पॉट सर्राफा बाजारों में भी काफी उछाल देखने को मिला. पश्चिम एशिया संकट गहराने के बीच निवेशकों के सुरक्षित-संपत्ति की ओर रुख करने के कारण सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी के दाम 12 प्रतिशत तक का उछाल आया. एक ओर जहां चांदी तीन लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, वहीं सोना 1.73 लाख . प्रति 10 ग्राम के करीब जा पहुंचा.
वहीं दूसरी ओर देश के वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने की कीमतों में उछाल देखने को मिला, लेकिन बाजार बंद होने के बाद चांदी की कीमतें गिरावट के साथ बंद हुई. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में उछाल बना हुआ रह सकता है. उसका कारण भी है. मिडिल ईस्ट की टेंशन अभी जल्द ही खत्म होने वाली नहीं है. ऐसे में जियो पॉलिटिकल टेंशन के सेंटीमेंट का असर सोने और चांदी की कीमतों में मिलता रहेगा. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश की राजधानी दिल्ली के अलावा मुंबई स्थित मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने और चांदी के दाम कितने हो गए हैं.
दिल्ली में कितना महंगा हुआ सोना और चांदी
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी शुक्रवार के 2,68,000 रुपए प्रति किलोग्राम के बंद स्तर से 32,000 रुपए या 11.94 प्रतिशत बढ़कर 3,00,000 . प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई. सर्राफा बाजार में 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 8,100 . या 4.92 प्रतिशत बढ़कर 1,72,800 . प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) हो गई. पिछले बाजार सत्र में यह 1,64,700 . प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी. लेमन मार्केट्स डेस्क के अनुसंधान विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को तेज उछाल देखा गया, क्योंकि पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण आक्रामक सुरक्षित-निवेश वाली परिसंपत्तियों में खरीदारी शुरू हो गई. उन्होंने कहा कि वीकेंड में ईरान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा समन्वित सैन्य हमलों के बाद यह वृद्धि हुई. इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु हो गई.
इंटरनेशनल मार्केट में सोना और चांदी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 116.38 डॉलर या 2.21 प्रतिशत बढ़कर 5,394.28 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 1.43 प्रतिशत बढ़कर 95.19 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी. एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि सोने की हाजिर कीमत सोमवार को दो प्रतिशत से अधिक बढ़ गई और 5,400 डॉलर प्रति औंस के करीब चढ़कर दो महीने में अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई, क्योंकि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से मजबूत सुरक्षित-निवेश की मांग बढ़ गई.
वायदा बाजार में सोना महंगा और चांदी हुई सस्ती
वहीं दूसरी ओर देश के वायदा बाजार में सोने के दाम में इजाफा देखने को मिला. जबकि चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली. आंकड़ों को देखें तो सोमवार को सोने के दाम में 3,970 रुपए की तेजी देखने को मिली जिसके बाद दाम 1,66,074 पर बंद हुआ. वैसे कारोबारी सत्र के दौरान सोने की कीमत 7,776 रुपए की तेजी के साथ 1,69,880 रुपए पर पहुंच गई थी. वहीं दूसरी ओर चांदी के दाम बाजार बंद होने के बाद गिरावट के साथ दिखाई दी. कारोबारी सत्र के दौरान जहां चांदी के दाम में 15,155 रुपए की तेजी देखने को मिली थी. वहीं बाजार बंद होने के बाद दाम 4,163 रुपए की गिरावट के साथ 2,78,481 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गए थे.
लगातार बढ़ रही मिडिल ईस्ट की टेंशन
इस बीच, ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब, जॉर्डन, इराक और सीरिया सहित कई पड़ोसी देशों में अमेरिकी सैन्य और रणनीतिक संपत्तियों को निशाना बनाकर जवाबी हमले शुरू किए. गांधी ने कहा कि संघर्ष के बढ़ते भौगोलिक दायरे ने क्षेत्रीय स्थिरता, ऊर्जा बुनियादी ढांचे और प्रमुख वैश्विक व्यापार मार्गों में संभावित व्यवधानों के बारे में चिंताएं बढ़ा दी हैं. एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण (कमोडिटी एंड करेंसी) विभाग के उपाध्यक्ष, जतीन त्रिवेदी ने कहा कि आने वाला सप्ताह अमेरिका के लिए आंकड़ों भरा सप्ताह रहेगा, जिसमें विनिर्माण और गैर-विनिर्माण पीएमआई, एडीपी गैर-कृषि रोजगार परिवर्तन और बेरोजगारी आंकड़े शामिल हैं. उन्होंने कहा कि आंकड़े ज़ारी होने से कीमतों में और अधिक अस्थिरता आ सकती है क्योंकि प्रतिभागी फेडरल रिजर्व की नीतिगत अपेक्षाओं का पुनर्मूल्यांकन कर रहे हैं.




