Holi 2026: मुहूर्त से पहले ही युवक ने फूँक दी होलिका, वजह जानकर पुलिस के भी उड़े होश; जानें पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मिर्जापुर थाना इलाके के ग्राम अलीपुर नौगांवा में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव में होलिका पूजन का कार्यक्रम चल रहा था और शाम को होलिका दहन की तैयारी की जा रही थी. इसी दौरान गुस्से में आए एक ग्रामीण ने निर्धारित समय से पहले ही होलिका दहन स्थल पर आग लगा दी, जिससे समय से पहले ही होलिका दहन हो गया. वहीं इस मामले से गांव में तनाव बढ़ गया. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी शख्स को हिरासत में ले लिया.
मौके पर मौजूद बीट कांस्टेबल और होलिका दहन समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को तुरंत पकड़ लिया और स्थिति को बिगड़ने से पहले ही नियंत्रित कर लिया. सूचना मिलते ही थाना मिर्जापुर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया. आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं आरोपी ने पुलिस पूछताछ में समय से पहले होलिका में आग लगाने के बारे में बताया.
आरोपी से पुलिस ने की पूछताछ
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव के ही पाल्ला के रूप में हुई है. पाल्ला का कहना है कि होली लगाने के लिए कोई उसका छप्पर उठाकर लाया था. इसी बात को लेकर वह आक्रोशित था और गुस्से में उसने समय से पहले होलिका में आग लगा दी. लोगों में तनाव को देखते हुए पुलिस टीम लगातार गस्त कर रही है. पुलिस ने कहा कि किसी ने भी शांति भंग करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
दूसरी होली बनाने में जुटे लोग
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है. एहतियात के तौर पर लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं आधी जल चुकी होली को बुझाकर गांव के लोग दूसरी होली बनाने में जुटे हैं.




