Deepak Nandal Gang: फैशन डिजाइनर के घर फायरिंग करने वाले दीपक नांदल गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार, STF को बड़ी कामयाबी

गुड़गांव : स्पेशल टास्क फोर्स गुड़गांव की टीम ने दीपक नांदल गैंग के तीन शूटरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गुड़गांव के फैशन डिजाइनर के घर हुई फायरिंग के मामले में तीनाें आरोपी शामिल रहे हैं। आरोपियों की पहचान बहादुरगढ़ निवासी नवीन देवेन्द्र दलाल उर्फ मोनू व संदीप के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, एसटीएफ ने डीएलएफ फेज-1 बस स्टैंड के पास गुड़गांव फरीदाबाद रोड से काबू किया है। आरोपी दिल्ली नंबर बलेनो गाड़ी से सवार होकर जा रहे थे। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो पिस्टल व 7 कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने पिछले दिनों गुड़गांव के फैशन डिजाइनर मयंक चावला के घर के बाहर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की थी। आरोपी दीपक नांदल गैंग रोहतक के गुर्गे हैं जो विदेश में बैठकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ डीएलएफ फेज-1 थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(4) व 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




