हरियाणा

भिवानी मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भारी भीड़: ओपीडी 1500 पार, वायरल और अस्थमा का बढ़ा प्रकोप

भिवानी। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई दे रहा है। शहर के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मंगलवार को मरीजों की संख्या 1500 से अधिक दर्ज की गई। सर्दी-जुकाम, खांसी, वायरल बुखार, सांस की तकलीफ, अस्थमा और ब्रोंकाइटिस जैसी शिकायतों के साथ बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।

सुबह नौ बजे से ही पंजीकरण काउंटर पर लंबी कतारें लग जाती हैं। मरीजों को पहले पर्ची बनवाने और फिर चिकित्सकों से जांच कराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। दोपहर तक यही भीड़ दवा वितरण केंद्र पर पहुंच जाती है जहां फिर से लाइन में लगना पड़ता है। ओपीडी में हड्डी रोग विशेषज्ञ और त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास सबसे अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।

मरीजों की बढ़ती संख्या का असर पैथोलॉजी विभाग पर भी पड़ा है। खून जांच केंद्र पर प्रतिदिन औसतन 500 से अधिक मरीजों की जांच की जा रही है, जिससे विभाग पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। फिजिशियन डॉ. यतिन गुप्ता के अनुसार मौसम में लगातार बदलाव के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। ऐसे में लोग संक्रमण की चपेट में जल्दी आ जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस समय अस्थमा और ब्रोंकाइटिस के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, धूल-धुएं से दूर रहें और लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। जरूरत पड़ने पर तुरंत नजदीकी चिकित्सक से परामर्श लें। बदलते मौसम में खानपान और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। पर्याप्त आराम, संतुलित आहार और साफ-सफाई से संक्रमण के खतरे को कम किया जा सकता है।

सुबह नौ बजे आकर लाइन में लगे थे। पहले तो पर्ची बनाने में ही समय लग गया। अब यहां दवाइयां लेने के लिए खड़े हैं। 35 मिनट तो हो गई। अब देखते हैं कब नंबर आता है।

दादी को बदन दर्द की शिकायत है। चिकित्सक को दिखाने के लिए लाया था। अब दवा लेने के लिए लाइन में लगा हूं। वो खुद तो ज्यादा समय के लिए यहां खड़ी नहीं रह सकती। इसलिए उन्हें घर भेज दिया। 20 मिनट के करीब हो गए लाइन में लगे हुए। लेकिन अभी मेरे से आगे लगभग 20-25 लोग हैं। इनके बाद ही मेरा नंबर आएगा।

Related Articles

Back to top button