Rewari Suicide Case: रेवाड़ी में कंपनी कर्मी ने फंदे पर लटककर दी जान, कमरे में बज रहे थे गाने; इटावा का रहने वाला था युवक

रेवाड़ी : रेवाड़ी के गांव मालपुरा में कंपनी कर्मी ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सोमवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला, तो रूममेट और पड़ोसियों को शक हुआ। खिड़की से झांककर देखने पर उसका शव फंदे पर लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस ने खिड़की तोड़कर खोला और शव को बाहर निकाला। कमरे के अंदर गाने बज रहे थे और युवक का शव फंदे से लटका हुआ था।
मृतक की पहचान गौतम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के गांव पृथ्वीपुर का रहने वाला था और मालपुरा में एक अन्य युवक के साथ किराए पर रहता था। उसका रूममेट रविवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था। रात को गौतम कमरे में अकेला था। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह जब वह देर तक बाहर नहीं आया, तो पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां उसका शव फंदे पर लटका मिला।
बताया जा रहा है कि गौतम पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। आशंका है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




