हरियाणा

यमुनानगर में वन माफिया पर बड़ी स्ट्राइक: खैर की लकड़ी से लदा कैंटर जब्त, 4 तस्करों की हुई पहचान

यमुनानगर : यमुनानगर में वन संपदा की तस्करी पर वाइल्डलाइफ और वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खैर की बेशकीमती लकड़ी से लदा एक कैंटर पकड़ा गया है। हालांकि आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे, लेकिन विभाग ने चार खैर माफियाओं की पहचान कर ली है।

बता दें कि यमुनानगर में कोट गांव के पास वन विभाग और वाइल्डलाइफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाका लगाया। सूचना थी कि जाटावालाँ गांव से खैर की लकड़ी का बड़ा जखीरा पंजाब ले जाया जा रहा है। जैसे ही टीम ने संदिग्ध कैंटर को रोकने की कोशिश की तो खैर माफियाओं ने रास्ता बदल दिया।वाइल्डलाइफ विभाग के इंस्पेक्टर लीलू राम ने बताया कि कैंटर तेज रफ्तार से साढोरा कस्बे के गांव फैजलपुर की ओर मुड़ा और बंद गली का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन इस बार जंगल के दुश्मनों की चाल पूरी तरह कामयाब नहीं हो सकी।

114 पीस खैर की लकड़ी की जब्त 

वन विभाग और वाइल्ड लाइफ की टीम ने कैंटर को पकड़ लिया और जब तलाशी ली गई तो उसमें से खैर की लकड़ी के 114 बेशकीमती पीस बरामद हुए। बताया जा रहा है कि यह लकड़ी पंजाब में ऊंचे दामों पर बेची जानी थी। वाइल्डलाइफ विभाग ने इस मामले में चार खैर माफियाओं की पहचान कर ली है। फिलहाल 114 पीस खैर की लकड़ी जब्त कर ली गई है और चार आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button