हरियाणा

भिवानी: रेलवे कर्मचारी आदित्य की संदिग्ध मौत, जूई नहर से मिला शव, दोस्तों पर हत्या का आरोप

भिवानी। दोस्तों संग गए रेलवे कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। 22 वर्षीय आदित्य का शव जूई नहर से बरामद हुआ है। मामले में परिजनोंं ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए दो दोस्ताें के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और शव लेने से भी इंकार कर दिया। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से भी कार्यालय में पहुंच मुलाकात की।

22 वर्षीय आदित्य दिल्ली सराय रोहिल्ला के स्टेशन पर सी ग्रुप में तैनात था। गत 18 फरवरी की शाम को वह अपनी स्कूटी लेकर घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था, लेकिन भिवानी जंक्शन पर उसकी ट्रेन छूट गई। इसके बाद वह सिटी स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए भी पहुंचा, मगर वहां ट्रेन नहीं आई। दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन पर ड्यूटी जाने के लिए दो दिन पहले घर से निकले रेलवे कर्मचारी शास्त्री नगर गली नंबर तीन निवासी आदित्य का शुक्रवार को नहर में शव बरामद हुआ।

मृतक के भाई ऋतिक ने बताया कि उसका भाई आदित्य दिल्ली में रेलवे में नौकरी करता है। 18 फरवरी शाम को करीब साढ़े 7 बजे घर से स्कूटी लेकर ड्यूटी पर जाने के लिए कहकर गया था। अगले दिन सुबह आदित्य के पास कॉल की, तो उसका फोन बंद आ रहा था। उसने रेलवे विभाग के ऑफिस में फोन किया, तो पता चला कि आदित्य ड्यूटी पर नहीं पहुंचा है। आदित्य के दोस्तों से पता किया तो बताया कि उसने दोस्तों के साथ रात में पार्टी की और आदित्य नहर में गिर गया। संदिग्ध हालात में मौत की जांच की मांग भी परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर की। जिसके बाद पुलिस ने दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

Related Articles

Back to top button