गोहाना: 10,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कोऑपरेटिव सोसाइटी सेल्समैन, लोन लिमिट बढ़ाने के नाम पर मांगी थी घूस
गोहाना : सोनीपत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कोऑपरेटिव सोसाइटी के सेल्समैन को 10,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने सोसाइटी के एक सदस्य की लोन लिमिट बढ़ाने के एवज में 15,000 की मांग की थी, जिसमें 10,000 में सौदा तय हुआ। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
लोन लिमिट बढ़ाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक मामला गोहाना के भैंसवाल कला गांव स्थित एक कोऑपरेटिव सोसाइटी का है। यहां कार्यरत सेल्समैन सुभाष ने सोसाइटी सदस्य से उसकी एमसीएल (मैक्सिमम क्रेडिट लिमिट) कार्ड की सीमा बढ़ाने के बदले ₹15,000 की मांग की थी।
60 हजार से डेढ़ लाख करने की थी मांग
शिकायतकर्ता का एमसीएल कार्ड बना हुआ था, जिसके तहत उसे ₹60,000 तक लोन की सुविधा मिल रही थी। वह अपनी लिमिट बढ़ाकर करीब डेढ़ लाख रुपये करवाना चाहता था। आरोप है कि इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के नाम पर सेल्समैन ने रिश्वत की मांग की।
10 हजार लेते रंगे हाथों काबू
शिकायत करता ने मामले की शिकायत एसीबी से की। शिकायत के आधार पर टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए आरोपी को सोसाइटी कार्यालय से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




