फरीदाबाद: भूमिका रियल एस्टेट पर इनकम टैक्स की बड़ी रेड, सेक्टर-28 कार्यालय में दिल्ली की टीम की जांच जारी

फरीदाबाद : फरीदाबाद के सेक्टर-28 स्थित भूमिका रियल एस्टेट के कार्यालय पर गुरुवार शाम इनकम टैक्स विभाग ने बड़ी छापेमारी की कार्रवाई की। दिल्ली से आई विशेष टीम करीब शाम 5 बजे कार्यालय पहुंची और जांच शुरू कर दी। टीम के पहुंचते ही इलाके में हलचल मच गई। दफ्तर के बाहर दिल्ली नंबर की कई गाड़ियां देखी गईं।
एंट्री-एग्जिट पर निगरानी, कर्मचारियों को रोका गया
सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों ने दफ्तर में मौजूद कर्मचारियों को अंदर ही रोक लिया और सभी एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर निगरानी लगा दी। इसके बाद वित्तीय रिकॉर्ड, कंप्यूटर डेटा, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की। बताया जा रहा है कि लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और निवेश संबंधी फाइलों को विशेष रूप से खंगाला गया है। इसके अलावा टीम ने कुछ डिजिटल रिकॉर्ड को भी कब्जे में लिया है। टीम देर रात तक जांच में जुटी रही।
आयकर अनियमितताओं की आशंका
हालांकि अभी तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई आयकर से जुड़ी संभावित अनियमितताओं की जांच के तहत की गई है। जांच के दौरान क्या बरामद किया गया और आगे की कार्रवाही क्या होगी इसको लेकर विभाग की तरफ से अभी कोई जानकारी नही दी गई है।
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले भी फरीदाबाद में इनकम टैक्स विभाग ने चार दिन तक लगातार छापेमारी की थी। उस दौरान शहर के एक बिल्डर, स्कूल संचालक, पेट्रोल पंप मालिक और सिक्योरिटी कारोबारी के ठिकानों पर कार्रवाई की गई थी, जिससे कारोबारी वर्ग में हलचल मच गई थी।



