हरियाणा में ATS के गठन को CM सैनी की मंजूरी: गुरुग्राम में थाना और पंचकूला में होगा हेडक्वार्टर, जवानों को मिलेगा 30% एक्स्ट्रा भत्ता

चंडीगढ़: हरियाणा गतिविधियों को समाप्त करने की दिशा में आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) का गठन होगा। एटीएस का गुरुग्राम में एक पुलिस स्टेशन और पंचकूला में मुख्यालय बनेगा। एटीएस में तैनाती के बाद अधिकारियों और जवानों को उनके मूल वेतनमान का 30 फीसदी अतिरिक्त विशेष भत्ता मिलेगा।
गृह विभाग की तरफ से भेजे गए प्रस्ताव को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंजूरी के बाद फाइल वित्त विभाग को भेजी जा चुकी है। जानकारी के अनुसार साल 2023-24 में नई दिल्ली में आयोजित आतंकवाद विरोधी सम्मेलन में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ओर से अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी दस्ते तैयार करने का फैसला लिया गया था।
हरियाणा में आतंकवाद और संगठित अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड की जरूरत महसूस की जा रही है। एटीएस का मुख्य काम किसी भी आतंकी हमले की स्थिति में तुरंत और सटीक कार्रवाई करना, आतंक से जुड़े मामलों की गहन जांच करना और अदालत में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करना होगा।
इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए खुफिया सूचनाएं जुटाना और संबंधित एजेंसियों के साथ समय पर सूचनाएं साझा करना भी इसकी अहम जिम्मेदारी रहेगी। विभिन्न जांच एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, आतंकी गतिविधियों का साझा अभिलेख तैयार करना, आंकड़ों का विश्लेषण करना व अधिकारियों को वप्रशिक्षण देना भी इसके प्रमुख कार्य होंगे।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक एटीएस प्रमुख होंगे। एटीएस में पांच प्रमुख विंग विशेष बल, खुफिया परिचालन विभाग, अनुसंधान विश्लेषण शाखा और जांच विंग होंगे। साथ ही एसपी-कमांडो के पद का नाम बदलकर एसपी-स्पेशल फोर्स होगा वहीं, मूल वेतन से 30 फीसदी अतिरिक्त विशेष भत्ते का लाभ तोड़-फोड़ विरोधी जांच दल व बम निरोधक दल के जवानों क भी मिलेगा।




