Games

T20 World Cup 2026: सुपर-8 में पहुंची जिम्बाब्वे, पाकिस्तान एयरफोर्स में पायलट बनना चाहते थे कप्तान सिकंदर रजा

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर चुकी है. हालांकि, ग्रुप स्टेज में उनका एक मुकाबला बाकी है, जो श्रीलंका के खिलाफ खेला जाना है. इसके बाद सुपर-8 में उनकी भिड़ंत वेस्टइंडीज, भारत और साउथ अफ्रीका जैसी दिग्गज टीमों से होगी. इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे कप्तान सिकंदर रजा का बड़ा हाथ है. सिकंदर रजा की कप्तानी में जिम्बाब्वे की टीम पिछले कुछ समय से शानदार प्रदर्शन कर रही है और उनके क्रिकेटर बनने की कहानी भी काफी रोमांचक है.

PAK एयरफोर्स से सिकंदर रजा का कनेक्शन

सिकंदर रजा पाकिस्तानी मूल के हैं, उनका जन्म सियालकोट में हुआ था. बचपन से उनका सपना फाइटर पायलट बनना था. उन्होंने पाकिस्तान एयरफोर्स पब्लिक स्कूल में पढ़ाई की और फाइटर पायलट बनने के लिए कड़ी मेहनत की. सिकंदर रजा ने पाकिस्तानी वायुसेना के साथ साढ़े तीन साल तक ट्रेनिंग की है. लेकिन आंखों की समस्या (विजन टेस्ट फेल) के कारण उनका सपना अधूरा रह गया था.

एयरफोर्स का सपना टूटने के बाद उनका परिवार 2002 में जिम्बाब्वे चला गया था. वहां सिकंदर ने क्रिकेट की ओर रुख किया. सिकंदर रजा ने खुद एक इंटरव्यू में कहा था कि एयरफोर्स में बिताया समय उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाया. अब सिकंदर रजा जिम्बाब्वे की टीम को सुपर-8 में लीड करने वाले पहले कप्तान बनने जा रहे हैं. भले ही वह फाइटर पायलट नहीं बन सके, लेकिन उनके अंदर एक फाइटर है और यही जज्बा जिम्बाब्वे टीम में दिख रहा है.

साल 2013 में किया इंटरनेशनल डेब्यू

सिकंदर रजा के इंटरनेशनल करियर की शुरुआत साल 2013 में हुई थी. वह जिम्बाब्वे के लिए अभी तक 22 टेस्ट, 153 वनडे और 129 टी20 मैच खेले हैं. टेस्ट में उन्होंने 1434 रन बनाए हैं और 40 विकेट लिए हैं. वनडे में उनके नाम 4476 रन और 94 विकेट दर्ज हैं. वहीं, टी20 में उन्होंने 2913 रन बनाने के साथ-साथ 103 विकेट भी चटकाए हैं. ये जिम्बाब्वे के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं. वहीं, अब उनकी कप्तानी में टीम भी ऐतिहासिक खेल दिखा रही है.

Related Articles

Back to top button