भिवानी। शहर का चौधरी सुरेंद्र सिंह मेमोरियल पार्क बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। पार्क में मूलभूत सुविधाओं का बुरा हाल है। शौचालय गंदगी से अटे पड़े हैं और कुर्सियां टूटी हुई हैं। वेटरन संगठन भिवानी ने पार्क की दुर्दशा पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
वेटरन संगठन भिवानी के प्रधान सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल बामला ने कहा कि यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि जिस पार्क में लोग शुद्ध हवा और अच्छे स्वास्थ्य की तलाश में आते हैं, वहां उन्हें कूड़ा और बदबू का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है। यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो यह पार्क केवल कागजों में ही मेमोरियल बनकर रह जाएगा।
उन्होंने बताया कि पार्क में बने शौचालयों की स्थिति अत्यंत खराब है। सफाई के अभाव में वहां से गुजरना भी दूभर हो गया है, जिससे विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्क के कोनों और रास्तों के किनारे कूड़े के ऊंचे-ऊंचे ढेर लगे हुए हैं। लंबे समय से कूड़ा नहीं उठाए जाने के कारण वहां आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है।
इसके अलावा घास की समय पर कटाई-छंटाई नहीं होने से फुटपाथ के आसपास झाड़ियां उग आई हैं। इससे सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों के लिए जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है। वेटरन संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पार्क की सफाई और रखरखाव की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।