हरियाणा

भिवानी: मेडिकल कॉलेज की OPD में उमड़ी भारी भीड़, लंबी लाइनों से बचने के लिए ‘ई-उपचार’ पोर्टल पर ऐसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

भिवानी। शहर के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के ओपीडी विभाग में प्रतिदिन औसतन 1500 से 2000 मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं जिससे पंजीकरण खिड़की पर सुबह नौ बजे से ही लंबी कतारें लग जाती हैं। ऐसे में मरीजों को एक से दो घंटे तक पर्ची बनवाने के लिए इंतजार करना पड़ता है।

हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला नागरिक अस्पताल में ई-उपचार ऑनलाइन पंजीकरण सुविधा संचालित है, जिसके माध्यम से मरीज लंबी लाइनों से बच सकते हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में लोग इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल प्रभारी डॉ. बलवान ने बताया कि ई-उपचार की सुविधा मरीजों के लिए उपलब्ध है। जिले का कोई भी मरीज गूगल पर ‘ई-उपचार हरियाणा’ सर्च कर इस सेवा का लाभ ले सकता है। ई-उपचार हरियाणा पोर्टल मरीजों को ऑनलाइन पंजीकरण और नैदानिक रिपोर्ट देखने की सुविधा प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि गूगल पर ‘ई-उपचार हरियाणा’ सर्च करने के बाद हरियाणा सरकार का ई-उपचार पेज खुलता है, जहां होमपेज पर अपॉइंटमेंट बुक करने और नैदानिक रिपोर्ट देखने का विकल्प उपलब्ध होता है। इन विकल्पों के माध्यम से पोर्टल पर मांगी गई जानकारी भरकर कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन पंजीकरण कर सकता है। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए मरीज को अपना मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, रिहायशी पता, जिला अस्पताल का नाम और संबंधित चिकित्सक विभाग (जहां जांच करानी है) सहित पूरी जानकारी भरनी होती है। पंजीकरण पूरा होने के बाद मरीज को एक यूनिक आईडी मिलती है, जिसका उपयोग कर वह जिला नागरिक अस्पताल में जाकर उपचार करवा सकता है। साथ ही चिकित्सक द्वारा करवाई गई रिपोर्ट भी ऑनलाइन देख सकता है। प्रभारी ने बताया कि यदि मरीज इस पोर्टल का उपयोग करते हैं तो उन्हें सरकारी अस्पतालों में ओपीडी पर्ची कटवाने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

ई-उपचार ऑनलाइन पंजीकरण सुविधा का उद्देश्य

ई-उपचार ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल का उद्देश्य मरीजों को ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने और निदान रिपोर्ट देखने की सुविधा प्रदान करना है। इस पोर्टल के माध्यम से मरीज पंजीकरण के लिए लंबी कतारों में खड़े होने से बच सकते हैं।

ये है इस सुविधा की कमी

ई-उपचार ऑनलाइन पंजीकरण सुविधा का लाभ मुख्य रूप से शिक्षित लोग ही उठा पा रहे हैं। अशिक्षित लोगों को ऑनलाइन पंजीकरण करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को संवाद न्यूज एजेंसी के संवाददाता ने पंजीकरण खिड़की पर मौजूद मरीजों से इस पोर्टल के बारे में बातचीत की, लेकिन लाइन में लगे किसी भी मरीज को इस सुविधा की जानकारी नहीं थी। इसी कारण यह सुविधा अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो पा रही है। कतार में लगे मरीज बिजेंद्र, खुशी और रामबीर ने बताया कि उन्हें इस पोर्टल के बारे में कोई जानकारी नहीं है। यदि ऐसी सुविधा उपलब्ध है तो स्वास्थ्य विभाग को इसके लिए जागरूकता अभियान चलाना चाहिए, ताकि मरीज इसका लाभ उठा सकें।

जिला नागरिक अस्पताल में ई-उपचार की सुविधा संचालित की जा रही है। मरीज ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण करने के साथ ही अपनी रिपोर्ट भी देख सकता है। इसके अलावा मरीजों को चिकित्सकीय सुविधा भी दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button