ग्रेटर नोएडा में कुट्टू का आटा खाने से 40 से अधिक लोग बीमार, कई सोसायटियों में मचा हड़कंप

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की दो बड़ी सोसाइटी में महाशिवरात्रि के अवसर पर व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाने से 40 से अधिक लोग बीमार हो गए. बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने यह कुट्टू का आटा ऑनलाइन मंगवाया था तो कुछ ने मार्केट से खरीदा था. अब ऐसे में खाद्य सुरक्षा की लापरवाही पर सवाल खड़े हो गए हैं.
बीमार हुए लोगों में उल्टी, दस्त और पेट में दर्द की शिकायत के बाद दर्जनों लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं. वहीं कुछ लोगों ने निजी डॉक्टरों की निगरानी में अपना इलाज जारी कराया है. हालांकि सभी की हालत स्थिर है, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग भी शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक बिसरख कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इको विलेज 3 और हिमालय प्राइड सोसाइटी में करीब 40 से अधिक लोग कुट्टू का आटा खाने से बीमार हुए हैं. बताया जा रहा है कि महाशिवरात्रि के दिन व्रत के बाद जब शाम को लोगों ने व्रत खोला और उसमें कुट्टू के आटे का सेवन किया, इसके बाद थोड़ी ही देर में अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी.
पेट में तेज दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने के बाद तुरंत लोग निजी अस्पताल पहुंचे. एक के बाद एक सोसाइटी में लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ग्रेटर नोएडा वेस्ट के नोमेड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों का कहना है कि सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है.
कुछ लोगों को रात में ही ट्रीटमेंट देने के बाद छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन कुछ अभी भी अस्पताल में एडमिट हैं, जिनका डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है. इसमें महिलाएं और पुरुष भी शामिल हैं.
20 से ज्यादा लोग हुए बीमार
इको विलेज 3 सोसाइटी निवासी मृत्युंजय कुमार झा ने बताया कि वह इको विलेज 3 सोसाइटी के निवासी हैं. रात में अचानक सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर जानकारी मिली कि कुट्टू का आटा खाने से 20 से ज्यादा लोग बीमार हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
हिमालय प्राइड सोसाइटी के निवासी ने भी बताया कि सोसाइटी में करीब 15 से ज्यादा लोग कुट्टू का आटा खाने से बीमार हो गए हैं, जिनमें कुछ मरीजों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ऑनलाइन मंगाया था कुट्टू का आटा
सोसाइटी के निवासियों के अनुसार पास की एक स्थानीय मार्केट से ऑनलाइन कुट्टू का आटा मंगवाया था. वहीं कुछ लोगों ने पास की स्थानीय मार्केट से खुला पैकेट का कुट्टू का आटा खरीदा था. आशंका जताई जा रही है कि आटा खराब या मिलावटी हो सकता है, जिससे लोगों में फूड प्वाइजनिंग की शिकायत हुई है.
खाद्य विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
इस घटना की जानकारी के बाद खाद्य विभाग की भूमिका पर एक बार फिर सवाल उठे हैं कि आखिर जिस तरह से बाजारों में मिलावटी चीजें बिक रही हैं, उन पर खाद्य विभाग की टीम समय-समय पर कार्रवाई क्यों नहीं करती.
लोगों का कहना है कि इससे पहले भी जिले में इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन फिर भी इस पर कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हो पाई. फिलहाल अभी तक खाद्य विभाग की टीम से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. प्रशासन को जानकारी मिलने के बाद सोसाइटी में निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया गया है.




