हरियाणा

पलवल के छांयसा गांव में ‘काला पीलिया’ का कहर: 15-20 लोगों की मौत का दावा, स्वास्थ्य विभाग ने डाला डेरा

पलवल : पलवल जिला के उपमंडल हथीन के गांव छांयसा में ‘काला पीलिया’ नाम से एक गंभीर बीमारी फैलने की खबर सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार यह बीमारी पिछले एक महीने से गांव में तेजी से फैल रही है, जिससे पूरे गांव में खौफ का माहौल बना हुआ है। गांव के लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की शुरुआती लापरवाही और समय पर जागरूकता अभियान न चलाए जाने के कारण बीमारी ने व्यापक रूप ले लिया। ग्रामीणों का दावा है कि इस बीमारी की चपेट में आने से अब तक करीब 15 से 20 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। साथ ही कई अन्य लोग भी बीमार बताए जा रहे हैं।

गांव में डेरा डाले हुए है स्वास्थ्य विभाग की टीम 

हालांकि पिछले एक सप्ताह से स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव में डेरा डाले हुए है। डॉक्टरों की टीम घर-घर जाकर लोगों का मेडिकल चेकअप कर रही है और बीमारी के लक्षणों के प्रति जागरूक कर रही है। इसके अलावा गांव के पानी के सैंपल भी जांच के लिए एकत्र किए गए हैं।

वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल बीमारी के मुख्य कारण की पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। विभाग ने ग्रामीणों से स्वच्छ पानी पीने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है। गांव में लगातार हो रही मौतों की खबर से प्रशासन भी सतर्क हो गया है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।

Related Articles

Back to top button