हरियाणा

रोहतक: पूर्व विधायक बलराज कुंडू से 5 करोड़ की रंगदारी की मांग, पुलिस ने दर्ज की FIR; सुरक्षा बढ़ाई गई

रोहतक : महम के पूर्व विधायक बलराज कुंडू से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ई-मेल के माध्यम से शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा बीएनएसएस की धारा 197 के तहत कार्रवाई करते हुए थाना अर्बन एस्टेट में आरोपियो के खिलाफ धारा 308(4) बीएनएस के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। जिस समय रंगदारी की कॉल प्राप्त हुई उस समय बलराज कुंडू चंण्डीगढ में थे। मामला चण्डीगढ से संबंधित होने के कारण रोहतक पुलिस द्वारा जीरो एफआईआर को चण्डीगढ पुलिस के पास आगामी जांच के लिए भेजा गया है।

कुंडू के रोहतक व गुरुग्राम में घर है। रोहतक में स्थित इनके आवास पर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आवास के पास 24 घंटे के लिए नाकाबंदी कर शस्त्र पुलिस बल तैनात किया गया है। संबंधित प्रभारी थाना को भी दिशा निर्देश दिए गए हैं। घर के आप-पास पेट्रोलिंग ड्यूटी भी लगाई गई है। मामले में जिला पुलिस द्वारा कानून अनुसार व परिवार की सुरक्षा को देखते हुए हर संभव कार्य किए जा रहे है।

पूर्व विधायक कुंडू को 10 फरवरी की शाम को धमकी भरा फोन आया है। पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई है। इसके बाद कुंडू ने खुद और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल को पत्र भी लिखा था।

 

Related Articles

Back to top button