Business

PM Kisan 22nd Installment: 30 लाख किसानों की अटक सकती है 22वीं किस्त! जल्द निपटा लें यह काम

Pradhan Mantri Kisan Samman Nidhi यानी पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे लाखों किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. ताजा जानकारी के अनुसार देशभर के करीब 30 लाख से ज्यादा किसानों के बैंक खाते अभी तक आधार से लिंक नहीं हुए हैं. ऐसी स्थिति में उनके खाते में आने वाली 2000 रुपये की अगली किस्त अटक सकती है.

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 6 फरवरी 2026 तक 30,18,361 किसानों के खाते आधार से जुड़े नहीं पाए गए. इसका सबसे ज्यादा असर बड़े कृषि राज्यों पर पड़ सकता है. उत्तर प्रदेश में लगभग 10 लाख से अधिक किसान ऐसे हैं जिनके खाते अभी आधार से लिंक नहीं हैं. इसके अलावा गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी बड़ी संख्या में किसान प्रभावित हो सकते हैं. छोटे राज्य और केंद्र शासित प्रदेश जैसे सिक्किम, गोवा और चंडीगढ़ में भी कुछ किसानों के नाम सूची में शामिल हैं, लेकिन वहां संख्या कम है.

सरकार की तरफ से साफ संकेत दिया गया है कि जिन किसानों के बैंक खाते आधार से जुड़े नहीं होंगे, उन्हें 22वीं किस्त का लाभ मिलने में दिक्कत आ सकती है. इसलिए जरूरी है कि किसान समय रहते यह काम पूरा कर लें. सरकार डीबीटी यानी सीधे बैंक ट्रांसफर के जरिए पैसा भेजती है और इसके लिए बैंक अकाउंट का आधार से लिंक होना जरूरी माना जाता है.

ऐसे करा सकते हैं आधार लिंक

अगर आप भी इस योजना के लाभार्थी हैं तो सबसे पहले अपने बैंक खाते की स्थिति जांच लें. आधार लिंक है या नहीं यह आप नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग ऐप या बैंक शाखा में जाकर पता कर सकते हैं. जरूरत होने पर ऑनलाइन ही आधार सीडिंग का विकल्प चुनकर अपडेट किया जा सकता है. जो लोग ऑनलाइन सुविधा का उपयोग नहीं कर पाते, वे सीधे बैंक शाखा में जाकर आधार कार्ड और पासबुक के साथ फॉर्म भरकर लिंकिंग करा सकते हैं. कुछ बैंक एटीएम या एसएमएस सुविधा भी देते हैं.

ध्यान रखें कि आधार लिंकिंग कई सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए जरूरी प्रक्रिया बन चुकी है. लिंकिंग पूरी होने के बाद बैंक की ओर से आपको एसएमएस या ईमेल के माध्यम से सूचना मिलती है. यदि आप समय पर यह अपडेट करा लेते हैं तो 2000 रुपये की आने वाली किस्त बिना किसी रुकावट के आपके खाते में पहुंच सकती है.

Related Articles

Back to top button