हरियाणा

तोशाम: खानक पहाड़ में अवैध वसूली की शिकायत पर हंगामा, थाना प्रभारी पर दुर्व्यवहार और बंधक बनाने का आरोप

तोशाम। खानक पहाड़ में सरकारी रास्ते पर अवैध वसूली की शिकायत दर्ज करवाने के लिए थाने गए लोगों ने थाना प्रभारी महाबीर सिंह पर दुर्व्यवहार करने, थाने से बाहर निकालने व गांव के लोगों द्वारा शिकायत देने जाने पर अवैध तरीके से हिरासत में रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी शिकायत जिला परिषद चेयरपर्सन अनीता मलिक को दी है। इसकी एक प्रति डीजीपी, डीसी भिवानी, एसपी भिवानी को भी भेजी है।

शिकायत देने गए राजेश, संदीप, कुलदीप, कुलदीप ने बताया कि खानक पहाड़ी पर एक रास्ता है जिसको कुछ लोग निजी बताकर अवैध वसूली कर रहे थे। जब उस रास्ते की पैमाइश करवाई गई तो वह सरकारी निकला। वे इस मामले की शिकायत तोशाम थाने में दर्ज करवाने गए थे। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी महाबीर ने सभी को देखते ही राजेश को अंदर हवालात में डाल दिया व अनुसूचित जाति के लोगों से झूठी एप्लीकेशन लेकर उनके ऊपर एससी एक्ट की झूठी कार्यवाही करने के लिए कहा और बाकी लोगों को वहीं बाहर बैठा दिया। जिनकी रिकॉर्डिंग थाने में लगे कैमरों में है।

इसके बाद साथ आए व्यक्तियों ने गांव के सरपंचों व अन्य जनप्रतिनिधि के पास फोन किया। जो मौके पर पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से गिरफ्तार किए व्यक्तियों के बारे में पूछा तो थाना प्रभारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया व थाने से बाहर निकाल दिया। आरोप ये भी है कि गांव के व्यक्तियों को अवैध तरीके से हिरासत में रखा। इसको लेकर उन्होंने इसकी शिकायत डीएसपी तोशाम के नाम लिखित में दी है। इसकी एक प्रति डीजीपी, डीसी भिवानी व एसपी भिवानी को भी भेजी है।

इस मामले में तोशाम थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि आरोप झूठे हैं। किसी को अंदर नहीं बैठाया। शिकायत ले ली थी। इस मामले में डीएसपी दलीप सिंह बताया कि वह बाहर गए हुए हैं, उनकी जानकारी में ये मामला नहीं है। वहीं इस मामले में जिला परिषद चेयर पर्सन अनीता मलिक ने बताया कि उन्होंने थाना प्रभारी के खिलाफ शिकायत दी है। इस मामले को लेकर एसपी भिवानी व डीएसपी तोशाम से बात की गई है। शिकायत जिला परिषद सीईओ व एसपी को भेज दी है।

Related Articles

Back to top button