हरियाणा के 10 शहरों में बढ़ेंगी सिटी बसें: बस अड्डों के अंदर ही बनेंगे डिपो और चार्जिंग स्टेशन; 600 से ज्यादा बसों का होगा संचालन

चंडीगढ़: प्रदेश के 10 शहरों में सिटी बसों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ ही यात्रियों की सुविधाओं को लेकर भी धरातल पर काम शुरू हो गया है। जिन 10. शहरों में सिटी बसों का संचालन होता है उनमें रोडवेज के बस अड्डों के अंदर ही सिटी बस सेवा के डिपो भी तैयार किए जाएंगे और यहीं चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित होंगे।
बसों की मरम्मत से लेकर उन्हें खड़ा करने व सफाई-धुलाई के लिए वर्कशॉप भी तैयार की जाएगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए सभी 10 शहरों में रोडवेज के बस अड्डों के अंदर ही एक से ढाई एकड़ तक जमीन आरक्षित की गई है। हिसार और अंबाला में डिपो विकसित करने के लिए निदेशालय को प्रस्ताव मिले हैं।
अधिकारियों का कहना है कि सोनीपत, पंचकूला, रोहतक और करनाल में डिपो बनाने के कार्य की शुरुआत हो गई है। यमुनानगर में 85 से 90 प्रतिशत काम हो गया है। प्रदेश के पंचकूला, हिसार, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत, करनाल, पानीपत, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र में सिटी बसों का संचालन होता है। अभी तक यहां 65 सिटी बसों का संचालन हो रहा है। इन शहरों में 12 मीटर लंबाई वाली कुल 375 सिटी बसों का संचालन होगा। इसके साथ ही पीएम ई-बस सेवा के तहत भी अलग से नौ मीटर लंबाई वाली 250 बसों के संचालन की योजना प्रस्तावित है यानी कुल 600 से ज्यादा बसें चलाई जाएंगी। बसों की संख्या चरणवार बढ़ेगी इसलिए राज्य परिवहन विभाग यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय हो गया है।
कुरुक्षेत्र में अभी 10 सिटी बसों का संचालन हो रहा है और दो चार्जिंग स्टेशन हैं। अंबाला में 15 बसों का संचालन हो रहा है। यहां दो चार्जिंग स्टेशन हैं और जल्द ही एक अन्य चार्जिंग प्वाइंट बनेगा। अन्य शहरों में भी जल्द और 1-1 चार्जिंग स्टेशन लगाने के निर्देश दिए गए हैं जिससे बसों की संख्या बढ़ने पर दिक्कत न आए। बस अड्डों में डिपो बनने से सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि बसों की सफाई व मरम्मत समय से होगी। चार्जिंग के इंतजार में यात्रियों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। बसों का आवागमन भी व्यवस्थित होगा। राज्य परिवहन विभाग के महानिदेशक प्रदीप कुमार ने बताया कि जिन बस अड्डों से सिटी बस सेवा का संचालन होता है उनके परिसर में चार्जिंग स्टेशन व अन्य सुविधाओं के लिए पूरी कार्य योजना तैयार कर ली है और कुछ स्थानों पर योजना के तहत काम भी शुरू करा दिया है।




