Games

T20 World Cup 2026 Points Table: वेस्टइंडीज से हारकर संकट में इंग्लैंड, सुपर-8 की रेस हुई रोमांचक; जानें सभी ग्रुप का हाल

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की अंक तालिका में उठापटक लगातार जारी है. हर मैच के बाद माहौल बदल रहा है. 11 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेले मुकाबले के बाद इंग्लैंड की टीम सुपर-8 की रेस में पिछड़ती दिखी. ऐसा उसके वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला गंवाने के चलते हुआ. इंग्लैंड के पास इस मुकाबले को जीतकर खुद को सुपर-8 की रेस में सबसे आगे बनाए रखने का मौका था. लेकिन, 30 रन से उसे ही हार का सामना करना पड़ा और नतीजा ये हुआ कि पॉइंट्स टेबल में वो फिलहाल सुपर-8 की रेस में पीछे है.

सुपर-8 की दौड़ में पिछड़ी इंग्लैंड की टीम

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेल रही 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है. हर ग्रुप से टॉप की 2-2 टीमों को सुपर-8 में जाना है. इंग्लैंड की टीम ग्रुप C में हैं, जहां फिलहाल वो टॉप 2 टीम से बाहर दिख रही है. इसका मतलब है कि वो सुपर-8 की दौड़ में भी पीछे है.

ग्रुप C में इंग्लैंड को हराने वाली वेस्टइंडीज टॉप पर है. ऐसा इसलिए क्योंकि उसने अब तक खेले अपने दोनों मैच जीते हैं. वहीं स्कॉटलैंड और इंग्लैंड ने 2-2 मैच खेलने के बाद 1 जीते और 1 हारे हैं. मगर बेहतर रन रेट के आधार पर स्कॉटलैंड, इंग्लैंड से पॉइंट्स टेबल में आगे है. इनके अलावा इस ग्रुप में नेपाल और इटली की जीत का खाता नहीं खुला है.

अफगानिस्तान से जीतकर भी साउथ अफ्रीका नंबर 1 नहीं

11 फरवरी को एक मुकाबला ग्रुप D का भी खेला गया, जिसमें साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान की टीमें आमने-सामने थी. ये मुकाबला इतना रोमांचक रहा कि इसमें एक नहीं दो सुपर ओवर देखने को मिले. आखिर में मैच साउथ अफ्रीका के नाम रहा मगर जीत के बाद भी साउथ अफ्रीका ग्रुप D के अंक तालिका की टॉप टीम नहीं बन सकी क्योंकि न्यूजीलैंड का रन रेट उससे बेहतर था. न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका दोनों ने अपने दोनों मैच जीते हैं और उनके 4 अंक हैं. मगर, साउथ अफ्रीका के रन रेट 1.425 के मुकाबले 1.919 रन रेट के साथ न्यूजीलैंड पॉइंट्स टेबल में उससे आगे रहा.

ऑस्ट्रेलिया बना बॉस, भारत छोड़ सकता है पाकिस्तान को पीछे

बदलाव ग्रुप B की अंक तालिका में भी हुआ, जहां ऑस्ट्रेलिया ने अपना पहला मैच जीतते ही नंबर 1 की पोजिशन हथिया ली है. इसके अलावा ग्रुप ए के पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान भले ही अभी तक खेले 2 में से 2 मैच जीतकर टॉप पर बैठा है. मगर भारत के पास नामीबिया को हराकर उसे पीछे छोड़ने का मौका होगा. भारत ने अभी तक एक ही मैच खेला है. वही उसका रन रेट पाकिस्तान से कहीं बेहतर है.

Related Articles

Back to top button