हरियाणा
बवानीखेड़ा में सीवर व्यवस्था ठप: पुरानी कमेटी रोड पर भरा दूषित पानी, स्कूली बच्चों और दुकानदारों की बढ़ी मुश्किलें

बवानीखेड़ा। कस्बे की पुरानी कमेटी रोड पर सीवर व्यवस्था ठप होने से दूषित पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों, विद्यार्थियों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुराना कमेटी रोड के अंतिम छोर पर बड़े गौरवा चौक में कस्बे का राजकीय कन्या स्कूल सहित दो से तीन निजी स्कूल स्थित हैं। इसके अलावा यह मार्ग प्राचीन शिव मंदिर, गौरी शंकर मंदिर, बाबा जरनानाथ डेरा, बड़ा जोहड़ और दादी गौरी मंदिर का मुख्य रास्ता भी है। इस कारण यहां छोटे बच्चों, महिलाओं और अन्य लोगों का आवागमन अधिक रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आए दिन सीवर ओवरफ्लो हो जाता है जिससे सड़क पर दूषित पानी भर जाता है और राहगीरों के लिए मुसीबत खड़ी हो जाती है। दुकानों के सामने पानी जमा होने से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। कस्बावासी पवन कुमार, सोनू, बिट्टू, मदन, शिव कुमार, पार्वती, महेंद्र, अर्जुन और अशोक कुमार ने बताया कि यह मार्ग बाजार को रिहायशी क्षेत्र से जोड़ता है। यहां दूषित पानी जमा रहने से कस्बे की लगभग 50 प्रतिशत आबादी प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक परेशानी स्कूलों में पैदल जाने वाले छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही है। दुकानदारों का कहना है कि दूषित पानी के कारण ग्राहक दुकान पर आने से परहेज कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सीवरों की सफाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।




